IPL 2026 RCB vs GT: सुदर्शन के शतक पर भारी पड़ी कोहली की विराट पारी, आरसीबी ने जीटी को 5 विकेट से हराया

IPL 2026 RCB vs GT
IPL 2026 RCB vs GT

खेल, 24 अप्रैल 2026 । IPL 2026 RCB vs GT: आईपीएल 2026 के 34वें मुकाबले में शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस (जीटी) को 5 विकेट से हराया।

एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस से मिले 206 रनों के लक्ष्य को आरसीबी ने 18.5 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल किया। आरसीबी की यह इस सीजन की पांचवीं जीत है।

IPL 2026 RCB vs GT: कोहली ने खेली 81 रनो की शानदार पारी, जीटी को 5 विकेट से हराया

206 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जैकब बेथेल 10 गेंदों में 14 रन बनाने के बाद मोहम्मद सिराज का शिकार बने। हालांकि, इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 115 रनों की साझेदारी निभाई।

पडिक्कल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 27 गेंदों पर 55 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 2 चौके और 6 छक्के लगाए। वहीं, कोहली ने 44 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और 4 छक्कों की मदद से 81 रन बनाए।

IPL 2026 RCB vs GT:कप्तान रजत पाटीदार बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 8 रन बनाकर मानव सुथार का शिकार बने। जितेश शर्मा 6 गेंदों में 10 रन बनाने के बाद राशिद खान की गेंद पर मानव के हाथों में कैच देकर पवेलियन लौटे।

हालांकि, इसके बाद टिम डेविड और क्रुणाल पांड्या की जोड़ी ने आरसीबी को कोई और झटका नहीं लगने दिया। डेविड 10 रन बनाकर नाबाद रहे, तो क्रुणाल ने 12 गेंदों में 3 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 23 रन बनाए।

IPL 2026 RCB vs GT: गेंदबाजी में गुजरात टाइटंस की ओर से राशिद खान ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले, जबकि जेसन होल्डर और मानव सुथार को एक-एक विकेट मिला।

गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 205 रन बनाये

IPL 2026 RCB vs GT: इससे पहले, गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 205 रन लगाए। शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 12.5 ओवर में 128 रन जोड़े।

गिल 24 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, जोस बटलर ने 16 गेंदों में 25 रनों का योगदान दिया। हालांकि, सुदर्शन एक छोर को संभालकर खड़े रहे और उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। सुदर्शन ने 58 गेंदों में 100 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 11 चौके और 5 छक्के लगाए।

वॉशिंगटन सुंदर 12 गेंदों में 19 रन बनाकर नाबाद रहे, तो जेसन होल्डर ने महज 10 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाए। गेंदबाजी में आरसीबी की तरफ से भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा और हेजलवुड ने एक-एक विकेट निकाला।

IPL 2026 RCB vs GT: गुजरात टाइटंस को आईपीएल 2026 में अपनी चौथी हार का सामना करना पड़ा है। –आईएएनएस एसएम/एबीएम

Read More : भारत-अमेरिका संबंधों पर ट्रंप की विवादित टिप्पणी पर भारत ने जताई कड़ी आपत्ति


(यह खबर आईएएनएस समाचार एजेंसी के जरिए ली गई है। हिंद मित्र इसकी सामग्री के लिए जिम्मेदार नहीं है।)