छत्तीसगढ़ में केजरीवाल ने फूंका चुनावी बिगुल… 23 वर्षों से ‘माफिया राज’ से छुटकारा दिलाने की बात कही

भाजपा, कांग्रेस पर 23 वर्षों तक छत्तीसगढ़ को लूटने का आरोप लगाया

aap
छत्तीसगढ़ में केजरीवाल ने फूंका चुनावी बिगुल... 23 वर्षों से ‘माफिया राज’ से छुटकारा दिलाने की बात कही

रायपुर, (भाषा) दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस पर पिछले 23 वर्षों से छत्तीसगढ़ को लूटने का आरोप लगाया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे राज्य को भ्रष्टाचार और ‘माफिया राज’ से छुटकारा दिलाने के लिए उनकी पार्टी को एक मौका दें।

छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी बिगुल फूंकते हुए उन्होंने लोगों से वोट डालने से पहले अपने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखने को कहा।

Read More : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 6 मार्च को पेश करेंगे ‘भरोसे’ का बजट

केजरीवाल ने राजधानी रायपुर के बाहरी क्षेत्र में जोरा मैदान में ‘आप’ कार्यकर्ताओं की रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा और कहा कि वह उद्योगपति गौतम अडाणी को अपने ‘मुंह-बोले’ भाई की तरह प्यार करते हैं और देश का सब कुछ उन्हें सौंप रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘छत्तीसगढ़ खनिज संपन्न राज्य है, लेकिन राज्य के लोग प्रतिभावान और मेहनती होने के बावजूद गरीबी से जूझ रहे हैं… पिछले 23 वर्षों में (2000 में छत्तीसगढ़ को मध्य प्रदेश से अलग किए जाने के बाद), भाजपा ने 15 साल तक शासन किया, जबकि शेष अवधि में कांग्रेस ने इस पर राज किया। उन्होंने राज्य को लूटने के अलावा कुछ नहीं किया। यदि इनमें से कोई फिर से सत्ता में आया, तो यह लूट जारी रहेगी।’’

Read More : Meghalaya : यूडीपी-पीडीएफ के समर्थन से एनपीपी गठबंधन समर्थक विधायकों की संख्या 45 हुई

उन्होंने लोगों से भ्रष्टाचार और ‘माफिया राज’ से निजात पाने के लिए छत्तीसगढ़ में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को मौका देने की अपील की।

उन्होंने आदिवासियों के विरोध के बावजूद राज्य के उत्तरी हिस्से में जैव विविधता से भरपूर हसदेव अरण्य वन क्षेत्र में कोयला खदान आवंटित करने के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की भी आलोचना की।

केजरीवाल ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा और कांग्रेस दोनों हसदेव को लूटना चाहती हैं। ये वन क्षेत्र भाजपा का है या कांग्रेस का या अडाणी का?’’

उन्होंने (अडाणी का नाम लिये बगैर) कहा, ‘‘मोदी जी का एक मुंह बोला भाई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आप अपने बच्चे से भी इतना प्यार नहीं करते जितना मोदी जी अपने मुंहबोले भाई से करते हैं। छत्तीसगढ़ में पिछली भाजपा सरकार ने अडाणी को कोयले की खदानें दी थीं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर कांग्रेस या भाजपा को छत्तीसगढ़ में (सरकार बनाने के लिए) और मौके दिए गए तो पूरा वन क्षेत्र अडाणी को बेच दिया जाएगा।’’

केजरीवाल ने कहा, ‘‘हमारा अडाणी से कोई रिश्ता नहीं है, बल्कि हमारा रिश्ता सिर्फ लोगों से है। हमें एक मौका दीजिए, सभी खदानें और जंगल राज्य के लोगों के होंगे और उन्हें इससे फायदा होगा।’’

सिसोदिया की गिरफ्तारी पर केजरीवाल ने कहा, ‘‘मनीष सिसोदिया चोर नहीं हैं। वह एक नेक इंसान हैं। उन्होंने सिर्फ पांच साल में दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदल दी। उन्हें जेल भेज दिया गया लेकिन 40 फीसदी कमीशन लेने वालों (जाहिर तौर पर कर्नाटक में भाजपा सरकार का जिक्र करते हुए) को जेल नहीं भेजा गया।’’

केजरीवाल ने कहा, ‘‘दिल्ली के स्कूलों में लगभग 18 लाख गरीब परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं। मोदी जी को इन परिवारों की नाराजगी का सामना करना पड़ेगा। आपको लगता है कि आप भगवान बन गए हैं, लेकिन याद रखें कि गरीब लोगों की नाराजगी बड़े-बड़े सिंहासन को भी हिला देती है।’’

भाषा

देवेंद्र प्रशांत

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here