कल्याण सिंह: अंतिम दर्शन के दौरान तिरंगे के ऊपर नजर आया BJP का झंडा 

 
अलीगढ़

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का उम्र संबंधी बीमारियों के चलते शनिवार देर रात निधन हो गया। कल्याण सिंह की गिनती बीजेपी के दिग्गज नेताओं में होती थी, उनके निधन के बाद अंतिम दर्शन के लिए अलीगढ़ में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है। इस दौरान सोशल मीडिया पर एक तस्वीर को लेकर बवाल मच गया है। फोटो में देखा जा सकता है कि तिरंगे के ऊपर बीजेपी का झंड़ा रखा गया है जिसे लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं।

 
कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के दौरान ली गई इस तस्वीर को कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने ट्वीट कर सवाल उठाया है। उन्होंने फोटो शेयर कर लिखा, 'क्या यह सही है? न्यू इंडिया में भारतीय ध्वज के ऊपर पार्टी का झंडा लगाना?' कांग्रेस नेता के इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर अब आक्रोश देखने को मिल रहा है, एक यूजर ने लिखा कि इन पर केस होना चाहिए। तिरंगे के ऊपर भाजपा का झंडा कैसे रखा जा सकता है। संविधान में कानून सबके लिए एक होते है। फिर भाजपाई के लिए क्यो नही?
 
कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर पर तिरंगा और उसके ऊपर बीजेपी के झंडे रखने को लेकर मामला सोशल मीडिया पर तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी फोटो शेयर कर लिखा गया है, 'फिर तिरंगे के ऊपर बीजेपी का झंडा, जो सरकार अपने राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान नहीं कर सकती, वो सरकार अक्षम और अक्षम्य है।' श्याम मीरा सिंह नाम के एक यूजर ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, 'किसी दूसरे ध्वज या पताका को राष्ट्रीय ध्वज से ऊँचा या ऊपर नहीं लगाया जाएगा, न ही बराबर में रखा जाएगा।'
 
आम तौर पर आप सभी ने देखा होगा कि भारतीय सुरक्षा बलों के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा जाता है, लेकिन कई नेता, एक्टर और कई हस्तियों के निधन पर भी तिरंगे को उनके पार्थिव शरीर के ऊपर देखा गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि यह एक राजकीय सम्मान है जो वर्तमान और पूर्व राष्‍ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री और मुख्‍यमंत्रियों को दिया जाता है। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार चाहे तो खुद भी किसी शख्स के निधन पर उसे यह सम्मान देने का आदेश दे सकती है। राजनीति, साहित्‍य, कानून, साइंस और कला के क्षेत्र में महत्‍वपूर्ण योगदान देने वाले शख्‍स को राजकीय सम्‍मान दिया जा सकता है। इसके अलावा देश के नागरिक सम्‍मान (भारत रत्न, पद्म विभूषण और पद्म भूषण) पाने वाले व्‍यक्ति भी इस सम्‍मान के हकदार हो सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here