FIFA World Cup : पुर्तगाल ने घाना को 3-2 से हराया, रोनाल्डो ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

मुंबई 

FIFA World Cup 2022 :  ग्रुप-एच के दूसरे मुकाबले में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम ने घाना को 3-2 से हरा दिया। दोनों के बीच पिछला मुकाबला 2014 फीफा वर्ल्ड कप के दौरान ग्रुप स्टेज में ही हुआ था। तब पुर्तगाल ने घाना को 2-1 से हराया था। पुर्तगाल की फीफा रैंकिंग नौ है, जबकि घाना 61वें स्थान पर है।

पुर्तगाल ने घाना को 3-2 से हराया

पुर्तगाल ने ग्रुप-एच के मुकाबले मे ंघाना को 3-2 से हरा दिया। इस रोमांचक मैच में हाफ-टाइम तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकी थीं। पांचों गोल दूसरे हाफ में आए। 65वें मिनट में पुर्तगाल के कप्तान रोनाल्डो ने मैच का पहला गोल दागा और इतिहास रच दिया। वह फीफा वर्ल्ड कप के पांचवें संस्करण में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए।

इसके बाद 73वें मिनट में घाना की ओर से कप्तान आंद्रे एयू ने गोल दाग घाना की वापसी कराई। हालांकि, 78वें मिनट में जोआओ फेलिक्स और 80वें मिनट में राफेल लियाओ ने गोल दाग पुर्तगाल को 3-1 से आगे कर दिया। 89वें मिनट में घाना के ओसमान बुकारी ने गोल दाग घाना को मैच में वापस लाने की कोशिश की।

इंजरी टाइम में पुर्तगाल के गोलकीपर डिओगो कोस्टा ने बड़ी गलती की। वह गेंद छोड़ चुके थे, तभी घाना के खिलाड़ी विलियम्सन ने उनसे गेंद छीन ली, लेकिन पुर्तगाल के डिफेंडर्स की सूझबूझ के चलते गोल नहीं कर सके। इस गलती पर रोनाल्डो ने भी सर पकड़ लिया था।

हालांकि, गोल नहीं होने पर उन्होंने राहत की सांस ली। ऐसे में पुर्तगाल की टीम घाना को हराने में कामयाब रही। इस जीत के साथ पुर्तगाल की टीम ग्रुप-एच में तीन अंक लेकर शीर्ष पर पहुंच गई है। वहीं, उरुग्वे और कोरिया रिपब्लिक के एक-एक अंक हैं। घाना की टीम सबसे नीचे चौथे स्थान पर है।

घाना के खिलाफ मैच में रोनाल्डो ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

पुर्तगाल के स्टार स्ट्राइकर और कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इतिहास रच दिया है। वह फीफा वर्ल्ड कप के पांच संस्करण में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। यह एक ऐसा रिकॉर्ड है, जिसे लियोनल मेसी, माराडोना और पेले जैसे दिग्गज भी हासिल नहीं कर सके। रोनाल्डो इससे पहले 2006, 2010, 2014, 2018 फीफा वर्ल्ड कप में भी गोल दाग चुके हैं। रोनाल्डो का यह फीफा वर्ल्ड कप में 18वां मैच रहा और उन्होंने सभी वर्ल्ड कप को मिलाकर आठवां गोल दागा।

रोनाल्डो ने अपने देश के लिए फीफा वर्ल्ड कप में सबसे युवा और सबसे उम्रदराज गोल स्कोरर बन गए हैं। यानी वह पुर्तगाल के लिए फीफा वर्ल्ड कप में सबसे युवा गोल स्कोरर और अब घाना के खिलाफ गोल दागने के बाद सबसे उम्रदारज गोल स्कोरर बन गए हैं। ऐसा करने वाले दुनिया के वह तीसरे खिलाड़ी हैं। इससे पहले क्रोएशिया के इविसा ओलिच और डेनमार्क के माइकल लॉड्रुप ऐसा कर चुके हैं। रोनाल्डो ने मेजर टूर्नामेंट्स यानी फीफा वर्ल्ड कप और यूरो कप मिलाकर 14 मैचों में 13 गोल दागे हैं। इसके अलावा वह तीन अलग-अलग वर्ल्ड कप में पेनल्टी पर गोल दागने वाले भी दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए। मैच के 65वें मिनट में रोनाल्डो को घाना के बॉक्स के अंदर सलिसू ने गिरा दिया और फाउल किया। इस पर रेफरी ने पुर्तगाल को पेनल्टी ऑफर किया। पुर्तगाल के कप्तान ने गोल दाग इतिहास रच दिया। यह उनका 118वां अंतरराष्ट्रीय गोल रहा। वह अंतरराष्ट्रीय गोल के मामले में नंबर वन हैं।
मैच की बात करें तो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम ने घाना को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हरा दिया। मैच के पांचों गोल आखिरी 25 मिनट में आए। पुर्तगाल के लिए रोनाल्डो ने 65वें मिनट, जोआओ फेलिक्स 78वें मिनट और राफेल लियाओ 80वें मिनट में गोल दागा। वहीं, घाना के लिए आंद्रे एयू ने 73वें मिनट और ओसमान बुकारी ने 89वें मिनट में गोल दागा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here