
मुंबई, 4 मई 2026। IPL 2026 MI vs LSG: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 47वें मैच में विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस (एमआई) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ एमआई ने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जीवित रखा है। मुंबई इंडियंस 10 में से 3 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में 9वें पायदान पर है, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स ने 9 में से 7 मैच गंवा दिए हैं।
IPL 2026 MI vs LSG: एलएसजी ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 228 रन बनाए
यह टीम सबसे अंतिम पायदान पर है। सोमवार को वानखेड़े स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 228 रन बनाए। इस टीम को जोश इंग्लिस और मिचेल मार्श की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई।
दोनों खिलाड़ियों ने 2.3 ओवरों में 29 रन की साझेदारी की। जोश 5 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद मार्श ने निकोलस पूरन के साथ दूसरे विकेट के लिए 34 गेंदों में 94 रन जुटाकर टीम को 123 के स्कोर तक पहुंचाया।
IPL 2026 MI vs LSG: निकोलस 21 गेंदों में 8 छक्कों और 1 चौके के साथ 63 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि मार्श ने 25 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 44 रन की पारी खेली। यहां से एडेन मार्करम ने मोर्चा संभाला।
उन्होंने कप्तान ऋषभ पंत (15) के साथ 23 रन, जबकि हिम्मत सिंह के साथ 47 गेंदों में 68 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। मार्करम 31 रन बनाकर नाबाद रहे। हिम्मत सिंह ने 40 रन की नाबाद पारी खेली।
IPL 2026 MI vs LSG: विपक्षी खेमे से कॉर्बिन बॉश ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि एएम गजनफर, विल जैक्स और रघु शर्मा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
High, Handsome and 2⃣ points 💙@mipaltan seal their highest run-chase in #TATAIPL history ✌️
Scorecard ▶️ https://t.co/elXSOvaeig #KhelBindaas | #MIvLSG pic.twitter.com/G5rSddXCbc
— IndianPremierLeague (@IPL) May 4, 2026
मुंबई इंडियंस ने 18.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया
IPL 2026 MI vs LSG: इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने 18.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। लंबे वक्त बाद मैदान पर वापसी कर रहे रोहित शर्मा ने रयान रिकेल्टन के साथ पहले विकेट के लिए दमदार साझेदारी करते हुए टीम को जीत की पटरी पर ला दिया।
दोनों खिलाड़ियों ने 10.5 ओवरों में 143 रन जुटाए। रिकेल्टन 32 गेंदों में 8 छक्कों और 6 चौकों के साथ 83 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रोहित ने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 19 गेंदों में 34 रन जुटाए।
IPL 2026 MI vs LSG: रोहित ने 44 गेंदों में 84 रन बनाए। उनकी इस पारी में 7 छक्के और 6 चौके शामिल रहे। तिलक वर्मा 11 रन, जबकि हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में एमआई की कमान संभाल रहे सूर्यकुमार यादव ने 12 रन टीम के खाते में जोड़े।
एमआई ने 17.4 ओवरों में 213 के स्कोर पर अपना चौथा विकेट खो दिया था, जिसके बाद नमन धीर (नाबाद 23) ने विल जैक्स (नाबाद 10) के साथ मिलकर टीम को 8 गेंदें शेष रहते जीत दिलाई।
IPL 2026 MI vs LSG: विपक्षी खेमे से मणिमारन सिद्धार्थ ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले, जबकि मोहम्मद शमी और मोहसिन खान ने 1-1 विकेट हासिल किया। –आईएएनएस आरएसजी
Read More : सुशासन तिहार: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पीएम जनमन के हितग्राही को सौंपी खुशियों की चाबी
#छत्तीसगढ, #मध्यप्रदेश #महाराष्ट्र, #उत्तर प्रदेश, #बिहार
(यह खबर आईएएनएस समाचार एजेंसी के जरिए ली गई है। हिंद मित्र इसकी सामग्री के लिए जिम्मेदार नहीं है।)















