IND vs WI Test Match Day 2: कोहली के 500वें अंतरराष्ट्रीय मैच में बल्ले से निकला टेस्ट करियर का 29वां शतक, तीनों फॉर्मेट मिलाकर विराट का 76वां शतक

91 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 317 रन है

खेल ।। विराट कोहली ने अपने 500वें अंतरराष्ट्रीय मैच में शतक जड़ दिया है। उन्होंने 180 गेंदों पर टेस्ट करियर का 29वां शतक पूरा किया। इस मामले में उन्होंने महान डॉन ब्रैडमैन के शतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। विराट 500वें अंतरराष्ट्रीय मैच में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी हैं। उनसे पहले नौ खिलाड़ियों ने 500 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, लेकिन कोई भी 48 से ज्यादा स्कोर नहीं बना पाया था। यह तीनों फॉर्मेट मिलाकर विराट का 76वां शतक है। वनडे में वह 46 और टी20 में एक शतक लगा चुके हैं। उनके अलावा रवींद्र जडेजा ने 105 गेंदों पर टेस्ट करियर का 19वां अर्धशतक पूरा किया। अर्धशतक लगाने के बाद जडेजा ने ट्रेडमार्क तलवारबाजी के अंदाज में बल्ला घुमाकर जश्न मनाया। 91 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 317 रन है। फिलहाल कोहली 102 रन और जडेजा 50 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

विराट कोहली साल 2019 के बाद से 2022 सितंबर तक एक भी शतक नहीं लगा पाए थे। करीब 1000 दिनों के इंतजार के बाद उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 एशिया कप 2022 में शतक जड़ा था। उसके बाद वह अपनी पुरानी लय में नजर आए। टी20 वर्ल्ड कप 2022 में वह टीम इंडिया के टॉप स्कोरर थे। फिर व्हाइट बॉल और रेड बॉल दोनों में विराट ने शतकों की लाइन लगा दी। इतना ही नहीं आईपीएल में भी विराट ने साल 2023 के सीजन में दो शतक लगाए।

विराट कोहली सचिन तेंदुलकर से भी हुए आगे

विराट कोहली के करियर का यह 76वां इंटरनेशनल शतक है और सचिन तेंदुलकर पूरी दुनिया में 100 शतकों के साथ इस मामले में टॉप पर हैं। फिर आप सोच रहे होंगे कि आखिर कैसे विराट ने सचिन को पीछे छोड़ दिया। तो आपको बता दें कि सचिन तेंदुलकर ने 500 मुकाबलों के बाद 75 शतक लगाए थे लेकिन विराट कोहली ने 500वें मैच तक अपने 76 इंटरनेशनल शतक पूरे कर लिए हैं।

विराट ने साल 2023 में जड़े 6 शतक

विराट कोहली ने साल 2023 में कुल 6 शतक जड़ दिए हैं। हालांकि, इसमें चार इंटरनेशनल शतक और दो आईपीएल सेंचुरी शामिल हैं। विराट कोहली ने साल की शुरुआत में जनवरी में श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में दो शतक लगाए थे। उसके बाद बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने शतक लगाया। फिर आईपीएल 2023 में विराट के बल्ले से बैक टू बैक दो शतक निकले। यह उनका साल का छठा शतक रहा। वो विराट कोहली जो 2019 के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में एक भी शतक नहीं लगा पाए थे अब उन्होंने एक साल के अंदर 5 शतक लगा दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here