मुंबई
FIFA World Cup 2022 : ग्रुप-एच के दूसरे मुकाबले में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम ने घाना को 3-2 से हरा दिया। दोनों के बीच पिछला मुकाबला 2014 फीफा वर्ल्ड कप के दौरान ग्रुप स्टेज में ही हुआ था। तब पुर्तगाल ने घाना को 2-1 से हराया था। पुर्तगाल की फीफा रैंकिंग नौ है, जबकि घाना 61वें स्थान पर है।
पुर्तगाल ने घाना को 3-2 से हराया
पुर्तगाल ने ग्रुप-एच के मुकाबले मे ंघाना को 3-2 से हरा दिया। इस रोमांचक मैच में हाफ-टाइम तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकी थीं। पांचों गोल दूसरे हाफ में आए। 65वें मिनट में पुर्तगाल के कप्तान रोनाल्डो ने मैच का पहला गोल दागा और इतिहास रच दिया। वह फीफा वर्ल्ड कप के पांचवें संस्करण में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए।
इसके बाद 73वें मिनट में घाना की ओर से कप्तान आंद्रे एयू ने गोल दाग घाना की वापसी कराई। हालांकि, 78वें मिनट में जोआओ फेलिक्स और 80वें मिनट में राफेल लियाओ ने गोल दाग पुर्तगाल को 3-1 से आगे कर दिया। 89वें मिनट में घाना के ओसमान बुकारी ने गोल दाग घाना को मैच में वापस लाने की कोशिश की।
इंजरी टाइम में पुर्तगाल के गोलकीपर डिओगो कोस्टा ने बड़ी गलती की। वह गेंद छोड़ चुके थे, तभी घाना के खिलाड़ी विलियम्सन ने उनसे गेंद छीन ली, लेकिन पुर्तगाल के डिफेंडर्स की सूझबूझ के चलते गोल नहीं कर सके। इस गलती पर रोनाल्डो ने भी सर पकड़ लिया था।
हालांकि, गोल नहीं होने पर उन्होंने राहत की सांस ली। ऐसे में पुर्तगाल की टीम घाना को हराने में कामयाब रही। इस जीत के साथ पुर्तगाल की टीम ग्रुप-एच में तीन अंक लेकर शीर्ष पर पहुंच गई है। वहीं, उरुग्वे और कोरिया रिपब्लिक के एक-एक अंक हैं। घाना की टीम सबसे नीचे चौथे स्थान पर है।
घाना के खिलाफ मैच में रोनाल्डो ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
पुर्तगाल के स्टार स्ट्राइकर और कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इतिहास रच दिया है। वह फीफा वर्ल्ड कप के पांच संस्करण में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। यह एक ऐसा रिकॉर्ड है, जिसे लियोनल मेसी, माराडोना और पेले जैसे दिग्गज भी हासिल नहीं कर सके। रोनाल्डो इससे पहले 2006, 2010, 2014, 2018 फीफा वर्ल्ड कप में भी गोल दाग चुके हैं। रोनाल्डो का यह फीफा वर्ल्ड कप में 18वां मैच रहा और उन्होंने सभी वर्ल्ड कप को मिलाकर आठवां गोल दागा।
Out of this world 🇵🇹
🖐 Cristiano Ronaldo becomes the first man to score at five FIFA World Cups#FIFAWorldCup | @Cristiano
— FIFA WORLD CUP 2022 (@FIFAWorldCupQTR) November 24, 2022