कटनी
आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत अमर शहीद राजा सरजू प्रसाद जी के ऐतिहासिक विजयराघवगढ़ किले में तीन दिवसीय आजादी उत्सव के रंग बिखेरेंगे। अमर शहीद की याद में 22 फरवरी से 24 फरवरी तक विजयराघवगढ़ किला परिसर में विभिन्न आयोजन होंगे। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विजयराघवगढ़ ने बताया कि 22 फरवरी को शाम 6 बजे से विजयराघवगढ़ महोत्सव का शुभारंभ होगा। शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान शुभारंभ अवसर पर अमर शहीद राजा सरजू प्रसाद को माल्यार्पण के साथ ग्वाल नृत्य व आदिवासी नृत्य की प्रस्तुति कलाकारों द्वारा दी जायेगी।
विजयराघवगढ़ महोत्सव के दूसरे दिन 23 फरवरी को राष्ट्रीय स्तर के कवि मंच से कविता पाठ करेंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। महोत्सव के अंतिम दिन 24 फरवरी को विधायक विजयराघवगढ़ संजय सतेन्द्र पाठक के मुख्यातिथ्य में समापन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें संगीत संध्या के साथ सम्मान समारोह का आयोजन होगा। एसडीएम विजयराघवगढ़ ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित होंगे।
















