कटनी
आंगनबाड़ी केन्द्रों व शासकीय स्कूलों में इलेक्ट्रिक का कार्य तेज गति से कराएं। संबंधित सभी विभाग आपस में बैठकर समन्वय से काम करें और जल्द से जल्द कार्य को पूरा कराएं। जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम पेयजल व स्वच्छता तदर्थ समिति के सदस्यों के प्रशिक्षण संबंधी जानकारी भी प्रस्तुत करें। यह निर्देश सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय सीमा की बैठक में लंबित पत्रों की समीक्षा के दौरान जिला पंचायत सीईओ जगदीश चंद्र गोमे ने दिए। गोमे ने बैठक के दौरान स्वामित्व योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश प्रदान किए। सीईओ गोमे ने माफिया अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि खनन, भू माफिया, मिलावट माफिया के खिलाफ कार्रवाई तेज करें।
रोजगार मेले के आयोजन की तैयारी की भी उन्होंने जानकारी ली और सभी संबंधित विभागों को 25 फरवरी को आयोजित होने वाले रोजगार मेले में हितग्राहियों को लक्ष्य के अनुरूप लाभांवित करने के निर्देश दिए। आकांक्षी ब्लाक योजना की समीक्षा करते हुए सीईओ गोमे ने कहा कि डाटा एंट्री का कार्य सभी विभाग निर्धारित पैरामीटर के आधार पर करें। उन्होंने कहा कि पैरामीटर के मुताबिक करते हुए जिला स्तरीय अधिकारी सत्यापन का कार्य अवश्य कर लें। प्राचीन जल संरक्षण संरचनाओं की मरम्मत व सुदृढ़ीकरण कर विकसित करने के लिए सीईओ गोमे ने सभी संबंधित विभागों से क्षेत्र की पुरानी बावड़ी आदि को चिन्हित करने के निर्देश भी टीएल बैठक में दिए।
सीईओ गोमे ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा की और नॉन अटैंडेंट शिकायतों को लेकर नाराजगी जाहिर की और जिन विभागों द्वारा शिकायतों को अटैंड नहीं किया गया, संबंधितों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सभी शिकायतें पूर्ण संतुष्टि के साथ बंद हों, इसका ध्यान रखें। न्यायालय संबंधी प्रकरणों मंे समय सीमा पर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश प्रदान करते हुए उन्होंने कहा कि सभी विभाग इसे गंभीरता से लेते हुए जवाब प्रस्तुत करें। सीईओ गोमे ने सीएम हेल्पलाइन के साथ सीएम मॉनिट, सीएम हाउस, 100 दिवस के प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
टीएल बैठक के दौरान मास्टर ट्रेनर मुकेश द्विवेदी ने ऊर्जा साक्षरता अभियान के संबंध में पॉवर प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी। जिसको लेकर सीईओ श्री गोमे ने सभी विभागों से पोर्टल पर अधिक से अधिक लोगों का पंजीयन कराने व ऊर्जा की बचत को लेकर काम करने के निर्देश प्रदान किए। बैठक में एडीएम रोमानुस टोप्पो, संयुक्त कलेक्टर साधना परस्ते सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।















