Uttarakhand Vidhan Sabha 2022 : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास की धारा में आगे बढ़ेगी BJP की चुनावी नैया

 देहरादून

विधानसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले एक महीने के भीतर अपने दूसरे उत्तराखंड दौरे में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकास के मुद्दे पर विपक्ष कांग्रेस को निशाने पर लिया। इस बार उन्होंने नाम लिए बिना कांग्रेस को विकास में अवरोध पैदा करने पर आड़े हाथ लेते हुए लखवाड़ परियोजना का उल्लेख किया, जिसका पिछले लगभग 45 साल से लटके रहने के बाद उन्होंने गुरुवार को हल्द्वानी में शिलान्यास किया।

दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बने नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री के संबोधन से यह साफ हो गया कि यह चुनाव भाजपा उत्तराखंड में विकास के मुद्दे पर लड़ने जा रही है, जिसका तोड़ ढूंढ पाना विपक्ष के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होगा।

छोटा राज्य, लेकिन फिर भी भाजपा के लिए महत्वपूर्ण

उत्तराखंड को भाजपा का परंपरागत गढ़ माना जाता है। इसीलिए छोटा राज्य होने के बावजूद भाजपा के लिए उत्तराखंड महत्वपूर्ण है। पिछले सात वर्षों से यहां भाजपा अविजित बनी हुई है। प्रधानमंत्री मोदी का जादू भाजपा के विजय रथको हर चुनाव में सफलता दिलाता आ रहा है।

वर्ष 2014 व 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने राज्य की पांचों सीट पर जीत दर्ज की। वर्ष 2017 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को 70 में से 57 सीटों पर जीत मिली, तो इसके पीछे भी मोदी मैजिक ही रहा।

एक महीने के भीतर 35 हजार करोड़ की परियोजनाएं

भाजपा इस बार भी अपने पिछले चुनावी प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से लगाव रहा है और वह स्वयं इसे पर्याप्त महत्व देते आए हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने उत्तराखंड को चार धाम आल वेदर रोड जैसी बड़ी परियोजना की सौगात दी।