नई दिल्ली
भगोड़े कारोबारी विजय माल्या ने गुरुवार का बैंकों पर उनके इस तर्क के लिए कटाक्ष किया कि अभी भी उस पर उनका धन बकाया है। माल्या ने एक रिपोर्ट के साथ यह टिप्पणी की जिसमें कहा गया था कि आईडीबीआई बैंक ने बंद पड़ी किंगफिशर एयरलाइंस से अपना पूरा बकाया वसूल लिया है। माल्या ने ट्विटर पर एक खबर को पोस्ट किया। इसमें कहा गया है कि आईडीबीआई बैंक ने एयरलाइंस के ऊपर 753 करोड़ रुपये का बकाया वसूल लिया है। इसके साथ व्यवसायी ने ट्वीट किया,‘और बैंक कहते हैं, मैंने उनका बकायेदार हूं।’ बता दें कि ब्रिटेन की एक अदालत ने सोमवार को माल्या को दिवालिया घोषित किए जाने का आदेश जारी किया। इससे भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की अगुवाई में भारतीय बैंकों के समूह के लिए बंद पड़ी एयरलाइन किंगफिशर के ऊपर बकाये कर्ज की वसूली को लेकर वैश्विक स्तर पर उनकी सम्पत्तियों की जब्ती की कार्रवाई कराने का रास्ता साफ हो गया है।















