बिलासपुर: Jashne Zabaan 2025: चार वर्षों के अंतराल के बाद बिलासपुर एक बार फिर साक्षी बनेगा संस्कृति, कला और साहित्य के भव्य संगम “जश्न-ए-ज़बाँ” का। यह दो दिवसीय बहुआयामी आयोजन 14 और 15 जून को प्रतिदिन शाम 5 बजे से पंडित देवकीनंदन दीक्षित सभागार, बिलासपुर में आयोजित किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित महोत्सव श्री साईनाथ फाउंडेशन द्वारा नृत्यधारा फाउंडेशन और नभअनंत फाउंडेशन के सहयोग से, संस्कृति विभाग छत्तीसगढ़ शासन व एसईसीएल के विशेष सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। यह इसका छठवाँ संस्करण है।
Jashne Zabaan 2025: नृत्य-संगीत के रंग में रंगेगा शहर
इस दो दिवसीय आयोजन में कुल 16 सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देश की विविध नृत्य शैलियाँ जैसे कि कत्थक, ओडीसी, भरतनाट्यम और वेस्टर्न डांस प्रस्तुत की जाएंगी।
- नृत्यधारा डांस अकादमी बिलासपुर
- अंतरराष्ट्रीय नृत्य साधिका आँचल पांडेय
- जी. रतीश बाबू एवं समूह
- डी फॉर डांस अकादमी जैसी संस्थाएँ इन प्रस्तुतियों की शोभा बढ़ाएँगी।
संगीत के स्वर में सुर मिलाते हुए सितार, सारंगी, बांसुरी वादन के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की लोकगायिका आरु साहू और वाराणसी से आए नामचीन शास्त्रीय संगीतकार जैसे डॉ. राकेश कुमार, डॉ. आनंद मिश्रा व अन्य कलाकार प्रस्तुति देंगे।
कोलकाता से आए राजीब घोष व समूह अपनी शास्त्रीय मुद्राओं से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। वहीं नाट्य सत्र में अग्रज नाट्य दल द्वारा रूसी नाटक “द स्नीज” का मंचन होगा।
Jashne Zabaan 2025:साहित्यिक रंग में सजेगी भावनाओं की महफिल
साहित्यिक सत्रों में परिचर्चा, ओपन माइक, युवा कवि सम्मेलन और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन जैसे आयोजन होंगे।
- परिचर्चा में मीर अली मीर और डॉ. सोमनाथ यादव, आरजे प्रियल मिश्रा से छत्तीसगढ़ी गीतों में अश्लीलता विषय पर संवाद करेंगे।
- युवा कवि सम्मेलन में प्रेमिश शर्मा, उमाकांत टैगोर, अनिल राय, आरव शुक्ला, केशिका साहू जैसे युवा कवि अपनी रचनाओं से मंच को सजाएँगे।
- 15 जून को आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में लखनऊ से शशि श्रेया, मुंबई से एकाग्र शर्मा, इंदौर से रोहित झंनाट, बोधगया से सान्या राय और कोरबा से हीरामणि वैष्णव जैसे चर्चित नाम शामिल रहेंगे।
सम्मान का प्रतीक: बिलासपुर गौरव सम्मान
Jashne Zabaan 2025:इस महोत्सव में बिलासपुर गौरव सम्मान से 15 विशिष्ट विभूतियाँ व संस्थाएँ सम्मानित की जाएंगी। इनमें शामिल हैं:
- पं. रामलाल बरेठ (नृत्यगुरु, रायगढ़ घराना)
- पं. नंदकिशोर शुक्ल (वयोवृद्ध साहित्यकार)
- डॉ. विनय कुमार पाठक, डॉ. सुप्रिया भारतीयन, डॉ. सतीश जायसवाल, रश्मिलता मिश्रा, द्वारिका प्रसाद अग्रवाल, डॉ. ओम माखीजा, भरत वेद आदि।
- साथ ही सामाजिक योगदान हेतु मार्मिक चेतना वेलफेयर सोसाइटी, धिति वेलफेयर फाउंडेशन, ख़्वाब वेलफेयर फाउंडेशन, बिलासपुर गौसेवा धाम और सैयद इमरान आलम को भी यह सम्मान दिया जाएगा।
शहरवासियों से आमंत्रण
Jashne Zabaan 2025: कार्यक्रम के युवा संस्कृति समन्वयक आशीष राज सिंघानिया एवं आयोजन प्रभारी आँचल पांडेय ने शहरवासियों से इस सांस्कृतिक उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसका लाभ लेने और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने की अपील की है।
Read More: विमान में सवार मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ का मुआवजा देगा TATA ग्रुप