यूपी चुनाव 2022 : अखिलेश और शिवपाल के बीच गठबंधन ! बाइस_में_बाइसिकल… ट्वीट कर दी जानकारी

लखनऊ.

यूपी में अगले साल यानी 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले गुरुवार को बड़ी खबर आयी है। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव की मुलाकात के बाद दोनो दलों के बीच गठबंधन को लेकर स्थिति साफ हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने चाचा शिवपाल के साथ फोटो शेयर करते हुए ट्वीट में लिखा, ‘प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी से मुलाक़ात हुई और गठबंधन की बात तय हुई। क्षेत्रीय दलों को साथ लेने की नीति सपा को निरंतर मजबूत कर रही है और सपा और अन्य सहयोगियों को ऐतिहासिक जीत की ओर ले जा रही है।’

अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के बीच अकेले में मुलाकात हुई है। अखिलेश करीब 4 साल बाद शिवपाल यादव के घर मिलने पहुंचे थे। अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल यादव के पैर छुए। शिवपाल यादव कहते रहे हैं कि अखिलेश उनका फोन नहीं उठाते, आज अखिलेश ने शिवपाल के घर पहुंच कर चाचा शिवपाल की नाराजगी दूर कर दी। सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव गठबंधन चाहते हैं विलय नहीं। आज शिवपाल यादव ने अखिलेश से मुलाकात के पहले अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं की मीटिंग बुलाई थी, जिसमे कार्यकर्ताओं से शिवपाल ने कहा कि जल्दी कोई बड़ा फैसला होने वाला है।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने गुरुवार को भतीजे अखिलेश के साथ फोटो शेयर करते हुए ट्वीट में लिखा- ‘आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी ने आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उनके साथ आगामी विधान सभा चुनाव 2022 में साथ मिलकर चुनाव लड़ने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here