नूपुर शर्मा के बयान पर बवाल और हिंसक प्रदर्शन , देशभर में हो रहे प्रदर्शन, कई जगहों पर हिंसा और पत्थरबाजी

हावड़ा में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस फोर्स के ऊपर की पत्थरबाजी

नई दिल्ली,

बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के पैगंबर मोहम्मद पर दिए गए बयान पर विवाद जारी है। शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में भड़की हिंसा के बाद आज (शनिवार) हावड़ा में हिंसा और पत्थरबाजी हुई है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस फोर्स के ऊपर पत्थर फेंके। जिसके बाद हालात काबू करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और लाठियां भांजनी पड़ीं। हावड़ा में माहौल को ध्यान में रखते हुए भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है।

भाजपा के प्रवक्ता के तौर पर नूपुर शर्मा (Nupur Sharma) शुक्रवार 27 मई को एक न्यूज चैनल की डिबेट में गई थीं। डिबेट के दौरान उन्होंने कहा था कि कुछ लोग हिंदू आस्था का लगातार मजाक उड़ा रहे हैं। अगर ऐसा है तो वह भी दूसरे धर्मों का मजाक उड़ा सकती हैं। इसके बाद उन्होंने कुछ इस्लामिक मान्यताओं की बात की। नूपुर (Nupur Sharma) की इस डिबेट के दौरान कही गई बातों को कथित फैक्ट चेकर मोहम्मद जुबैर ने अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया और ये आरोप लगाया कि उन्होंने पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी की है। इसके बाद नुपुर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और वह दुनियाभर में चर्चा का विषय बन गईं। नूपुर के बयान के खिलाफ ही देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं।

रांची में हिंसा के बाद चप्पे-चप्पे पर पहरा

रांची में उपद्रवियों ने तोड़फोड़, आगजनी और पत्थरबाजी की। इस हिंसा के बाद झारखंड के सभी 24 जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है। हिंसाग्रस्त ​इलाकों में पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। रांची में मेन रोड में सुजाता चौक से अलबर्ट एक्का चौक तक धारा 144 लागू है। अभी तक किसी की ​गिरफ्तारी की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन उपद्रवियों की तलाश के लिए पुलिस प्रशासन की टीम गठित की गई है, जो छापेमारी कर रही है। यहां इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। रांची में सुबह से ही डेली मार्केट की 3 हजार से ज्यादा दुकानें बंद रहीं। जुमे की नमाज के बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर आए। पुलिस ने उन्हें रोका तो भीड़ उग्र हो गई और इनकी पुलिस से भिड़ंत हो गई। इसी बीच रांची में कल हिंसक प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से दो लोग जख्मी हो गए थे, इन दो लोगों की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। यहां उर्दू लाइब्रेरी और महावीर मंदिर के पास प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी थी। इसके बाद उग्र भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।

पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा के बाद 13 जून तक इंटरनेट बंद

पश्चिम बंगाल में कल हुई हिंसा के बाद 13 जून सुबह 6 बजे तक इंटरनेट बंद कर दिया गया है।  वहीं सूत्रों के अनुसार करीब 10 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। कल हुए हिंसक प्रदर्शन के दौरान 12 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उपद्रवियों ने हिंसा के दौरान कारों में आग लगा दी। डोमजोर थाने पर हमला किया और थाने की गाड़ियों में तोड़फोड़ की। कल की घटना के बाद अभी माहौल शांतिपूर्ण है। बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात किया हुआ है। रांची में भी कल हिंसक प्रदर्शन हुआ। लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने के दौरान उग्र भी हुए। एक मंदिर पर भी हमले की खबर आई। उपद्रव के दौरान गोली लगने से दो लोग जख्मी हो गए थे, इन दो लोगों की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक मरने वालों में एक की पहचान मुदस्सिर उर्फ ​​कैफी के रूप में हुई है। 8 घायलों का इलाज रिम्स में चल रहा है।

हैदराबाद: पुलिस के कहने पर भी नहीं हटे प्रदर्शनकारी, लाठीचार्ज कर हटाया

तेलंगाना में भी कल हिंसक प्रदर्शन हुए। हैचार मीनार के पास जामा मस्जिद के बाहर जुमे की नमाज के बाद प्रोटेस्ट हुआ। यहां 10 मिनिट प्रोटेस्ट हुआ और भीड़ चली गई। वहीं अजीजिया मस्जिद के बाहर हैदराबाद यूथ करेज नाम के एक संगठन ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए 10 मिनट की इजाजत दी थी। लेकिन समय पूरा होने के बाद भी प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं हुए, जिसके बाद पुलिस ने संगठन के संस्थापक इमरान को हिरासत में ले लिया और हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को वहां से भगा दिया। तेलंगाना के महबूब नगर में भी एक प्रोटेस्ट हुआ जहां तिरंगे का अपमान किया गया। यहां तिरंगे में चक्र की जगह कलमा लिख दिया गया, इस संबंध में महबूब नगर पुलिस ने एक केस दर्ज किया है। BJP की तेलंगाना इकाई ने इस घटना की निंदा करते हुए इसके लिए जिम्मेदार लोगों को अरेस्ट करने की मांग की है।

उ.प्र : प्रयागराज में 68 गिरफ्तार, 8 पुलिसकर्मी हुए घायल

प्रयागराज के खुल्दाबाद के अटाला में बवाल और उपद्रव के मामले में एफआईआर दर्ज हुई हैं। इंडिया टीवी संवाददाता इमरान के अनुसार करेली और खुल्दाबाद थाने में 36 नामजद और 1 हज़ार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। 68 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया गया है। कल हुए बवाल में पत्थरबाजी की इस घटना में करीब आठ पुलिस कर्मी घायल हुए थे। उपद्रव करने वालों ने एक दर्जन पब्लिक वाहनों में तोड़फोड़ की। साथ ही एक ट्रक में आग लगा दी थी।

हाथरस में 150 लोगों पर मुकदमा दर्ज

हाथरस के पुरदिल नगर में कल हुए हंगामे में करीब 150 से लोगों के खिलाफ हुआ मुकदमा दर्ज किया गया है। अभी तक 50 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। किसी भी ​अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर तीन थानों की फोर्स लगी हुई है। फिलहाल माहौल शांतिपूर्ण है।

सहारनपुर में हिंसा के बाद 48 लोगों को गिरफ्तार किया

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में हुई कल हिंसा के बाद सहारनपुर पुलिस ने 48 लोगों को गिरफ्तार किया है। सहारनपुर पुलिस ने कल हुई हिंसा मामले में 200 लोगों पहचान कर ली है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। सहारनपुर पुलिस ने बीते शुक्रवार हुई हिंसा मामले में हिंसा के तकरीबन एक हजार के करीब सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो रिकवर किए हैं।इन्हीं सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here