तीन से चार रुपये महंगा हो सकता है पेट्रोल

नई दिल्ली 
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल (ब्रेंट क्रूड) एक बार फिर 70 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है। इसका असर से घरेलू बाजार में शुक्रवार को पेट्रोल-डीजल कीमतें ऐतिहासिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। वहीं, ऊर्जा विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले समय में ईंधन की कीमतें और तेजी से बढ़ेंगी क्योंकि भारतीय बाजार पर अभी कच्चे तेल की तेजी का असर आना बाकी है।
 
आईआईएफएल सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटीज एंड करेंसीज) अनुज गुप्ता ने हिन्दुस्तान को बताया कि ब्रेंट क्रूड 70 डॉलर प्रति बैरल के मनोवैज्ञानिक स्तर को छु लिया है। हालांकि, बीते दो दिन से हल्की गिरावट आई है और यह 68 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा है लेकिन इस महीने के अंत तक 75 डॉलर प्रति बैरल पर ब्रेंट क्रूड पहुंच सकता है। ऐसा इसलिए कि दुनियाभर के विकसित देशों में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए टीकाकरण जोरों पर हो रहा है। टीकारण होने के साथ दुनिया की अर्थव्यवस्था तेजी से खुल रही है। यह कच्चे तेल की मांग बढ़ाने का काम कर रहा है। मांग बढ़ने से कीमत में तेजी आनी तय है। इससे भारतीय बाजार भी अछूता नहीं रह सकता है। यहां भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी देखने को मिल सकती है।

गुप्ता ने बताया कि मांग बढ़ने के साथ कच्चा तेल महंगा होना शुरू हो गया है। ऐसे में बहुत उम्मीद है कि इस महीने के अंत तक ब्रेंट क्रूड 75 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच सकता है।अगर ऐसा हुआ तो भारतीय बाजार में पेट्रोल 3 से 4 रुपये महंगा हो सकता है। इतना ही उछाल डीजल की कीमत में भी देखने को मिल सकता है। यह कोरोना संकट के बीच महंगाई बढ़ाने का काम करेगा क्योंकि डीजल महंगा होने से माल भाड़ा बढ़ेगा। साथ ही तमाम पेट्रोलियम उत्पाद महंगे होंगे।
 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here