World Cup 2023 SA vs SL: लगी रिकॉर्ड्स की झड़ी, द. अफ्रीका ने रचा इतिहास, श्रीलंका पर लगातार चौथी जीत, कुल 754 रन बने, सबसे ज्यादा बाउंड्री भी लगी

SA vs SL
डिकॉक, डुसेन और मार्करम ने शतक लगाए 

दिल्ली| World Cup 2023 SA vs SL: दक्षिण अफ्रीका ने विश्व कप के चौथे मैच में श्रीलंका को 102 रन से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 428 रन बनाए। क्विंटन डिकॉक ने 100 रन, रसी वान डर डुसेन ने 108 रन और एडेन मार्करम ने 106 रन की पारी खेली। जवाब में श्रीलंकाई टीम 44.5 ओवर में 326 रन पर सिमट गई। कुसल मेंडिस ने 76 रन, चरिथ असलंका ने 79 रन और कप्तान दासुन शनाका ने 68 रन की पापरी खेली। दक्षिण अफ्रीका की ओर से गेराल्ड कोएत्जी ने तीन विकेट लिए।

iCC World Cup 2023 के चौथे मैच में शनिवार को दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 102 रनों से हरा दिया है । श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 428 रन बनाए । जवाब में श्रीलंकाई टीम 44.5 ओवर में 326 रन पर सिमट गई।

विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की श्रीलंका पर लगातार चौथी जीत
यह विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की श्रीलंका पर लगातार चौथी जीत भी है। विश्व कप में दोनों टीमें कुल सात बार आमने-सामने आई हैं। इसमें से दक्षिण अफ्रीका ने पांच मैच और श्रीलंका ने एक मैच जीता है। 2003 विश्व कप का मैच टाई रहा था। श्रीलंका को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व कप में एकमात्र जीत 1992 विश्व कप में मिली थी। इसके बाद 1999 विश्व कप के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने जीत हासिल की थी। 2003 विश्व कप का मुकाबला टाई रहा था। वहीं, 2007 विश्व कप, 2015 विश्व कप, 2019 विश्व कप और अब 2023 विश्व कप के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने जीत हासिल की।

मैच में कुल 105 चौके-छक्के लगे
इस मैच में दक्षिण अफ्रीका की ओर से 428 रन और श्रीलंका की ओर से 326 रन बने। यानी इस मैच में कुल 754 रन बने, जो किसी भी विश्व कप मैच में दोनों पारियों को मिलाकर सबसे ज्यादा रन हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश 2019 विश्व कप मैच का था। नॉटिंघम में खेले गए उस मुकाबले में कुल 714 रन बने थे। दक्षिण अफ्रीका बनाम श्रीलंका मैच में कुल 105 बाउंड्रीज लगीं, जो किसी भी विश्व कप मैच में सबसे ज्यादा हैं। दक्षिण अफ्रीका की ओर से 45 चौके और 14 छक्के समेत 59 बाउंड्रीज लगीं, जबकि श्रीलंका की ओर से 29 चौके और 17 छक्के समेत 46 बाउंड्रीज लगीं। इससे पहले यह रिकॉर्ड 93 बाउंड्रीज का था, जो वेस्टइंडीज बनाम न्यूजीलैंड के बीच 2015 में वेलिंग्टन में खेला गया था।

दक्षिण अफ्रीका की पारी

दक्षिण अफ्रीका पहले बल्लेबाजी करते हुए 428 रन बनाये, अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब थी। 10 रन पर दक्षिण अफ्रीका कप्तान तेम्बा बावुमा के रूप में पहला झटका लगा था, आठ रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद क्विंटन डिकॉक और रसी वान डर डुसेन ने दूसरे विकेट के लिए 204 रन की साझेदारी की । डिकॉक ने वनडे करियर का 18वां शतक जड़ा, जबकि किसी आईसीसी विश्व कप टूर्नामेंट में यह डिकॉक का पहला शतक रहा। वह 84 गेंदों में 12 चौके और तीन छक्के की मदद से 100 रन बनाकर मथीशा पथिराना का शिकार बने। इसके बाद रसी वान डर डुसेन ने वनडे करियर का पांचवां शतक लगाया। वह 110 गेंदों में 13 चौके और दो छक्के की मदद से 108 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें दुनिथ वेलालगे ने समरविक्रमा के हाथों कैच कराया।

दोनों के आउट होने के बाद एडेन मार्करम ने तूफानी पारी खेलते हुए 49 गेंदों में शतक जड़ा । यह विश्व कप का सबसे तेज शतक रहा। मार्करम ने 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया, जब आयरलैंड के केविन ओ ब्रायन ने इंग्लैंड के खिलाफ 50 गेंदों में शतक जड़ा था। वहीं, यह दक्षिण अफ्रीका के लिए तीसरा सबसे तेज शतक रहा। मार्करम 54 गेंदों में 14 चौके और तीन छक्के की मदद से 106 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मदुशंका ने पवेलियन भेजा। हेनरिक क्लासेन 20 गेंदों में एक चौका और तीन छक्के की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, डेविड मिलर और मार्को यानसेन ने 18 गेंदों में 45 रन की नाबाद साझेदारी की। मिलर 21 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 39 रन और यानसेन सात गेंदों में 12 रन बनाकर नाबाद रहे। आखिरी पांच ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने 66 रन जोड़े। आखिरी पांच ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने 66 रन जोड़े। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने दो विकेट लिए। वहीं, कसुन रजिथा, मथीशा पथिराना और दुनिथ वेलालगे ने एक-एक विकेट लिया।

श्रीलंका की पारी

श्रीलंका 429 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम की शुरुआत खराब रही। पथुम निसांका खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। इसके बाद कुसल परेरा भी सात रन बनाकर आउट हो गए। दोनों को मार्को यानसेन ने बोल्ड किया। कुसल मेंडिस ने सदीरा समरविक्रमा के साथ मिलकर पारी संभालने की कोशिश की। दोनों ने 42 रन की साझेदारी निभाई। हालांकि, तेजी से रन बटोरने के चक्कर में मेंडिस आउट हो गए। उन्होंने 42 गेंदों में चार चौके और आठ छक्के की मदद से 76 रन की पारी खेली। समरविक्रमा भी 23 रन और धनंजय डिसिल्वा 11 रन बनाकर आउट हो गए।

इसके बाद चरिथ असलंका ने कप्तान शनाका के साथ मिलकर 82 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को एनगिडी ने तोड़ा। उन्होंने असलंका को आउट किया। असलंका 65 गेंदों में आठ चौके और चार छक्के की मदद से 79 रन बनाकर आउट हुए। शनाका ने 62 गेंदों में 68 रन जरूर बनाए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। शनाका ने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए और केशव महाराज की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। दुनिथ वेलालगे खाता नहीं खोल सके, जबकि कसुन रजिथा ने 33 रन की पारी खेली। रबाडा ने मथीशा पथिराना को आउट कर श्रीलंकाई पारी को 326 रन पर समेट दिया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, मार्को यानसेन, रबाडा और केशव महाराज को दो-दो विकेट मिले। एनगिडी को एक विकेट मिला।

2023 cricket world cup points table updated here after every match.

Teams Mat Won Lost Tied NR Pts NRR
New Zealand 1 1 0 0 0 2 2.149
South Africa 1 1 0 0 0 2 2.04
Pakistan 1 1 0 0 0 2 1.62
Bangladesh 1 1 0 0 0 2 1.438
India 0 0 0 0 0 0 0
Australia 0 0 0 0 0 0 0
Afghanistan 1 0 1 0 0 0 -1.438
Netherlands 1 0 1 0 0 0 -1.62
Sri Lanka 1 0 1 0 0 0 -2.04
England 1 0 1 0 0 0 -2.149

 

ALSO READ :  SA vs SL: लगी रिकॉर्ड्स की झड़ी विश्व कप में द. अफ्रीका ने रचा इतिहास श्रीलंका पर लगातार चौथी जीत, कुल 754 रन बने, सबसे ज्यादा बाउंड्री भी लगी

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here