Winter Session : छग सरकार द्वारा 2108 करोड़ 62 लाख 84 हजार 389 रूपए का द्वितीय अनुपूरक बजट पारित….सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

रायपुर

छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र #chhattisgarh assembly winter session में आज छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत 2108 करोड़ 62 लाख 84 हजार 389 रूपए का द्वितीय अनुपूरक बजट ध्वनिमत से पारित हो गया। विधानसभा में आज माल और सेवा कर संशोधन विधेयक, इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक, छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग संशोधन विधेयक, सिगरेट और अन्य तंबाखू उत्पाद (विज्ञापन का प्रतिषेध और व्यापार तथा वाणिज्य, उत्पादन, प्रदाय और वितरण का विनियमन) संशोधन विधेयक भी ध्वनिमत से पारित किया गया।

अनुपूरक बजट पर हुई चर्चा का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि केन्द्र सरकार एक तरफ राज्यों को राष्ट्रीय कार्यक्रमों के संचालन के लिए केन्द्रीय मद की राशि में कटौती कर रही है, वहीं दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ के हक की लगभग 20 हजार करोड़ की राशि नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा सेन्ट्रल एक्साइज की कटौती 32 प्रतिशत से बढ़ाकर 42 प्रतिशत कर दिया गया है, लेकिन इसकी राशि छत्तीसगढ़ को नहीं मिल रही है। लगभग 4 हजार करोड़ रूपए कोल कम्पनशेसन की राशि भी नहीं मिली है। अनुपूरक पर चर्चा के बाद चार विधेयक पेश किए गए। इसमें हुक्का बार पर प्रतिबंध लगाने वाला विधेयक भी शामिल है।

इंदिरा गांधी कला एवं संगीत विश्वविद्यालय और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अधिनियमों में भी संशोधन के लिए विधेयक लाए गए थे। अनुपूरक कार्यसूची लाकर इन्हें पेश करते हुए इन विधेयकों को विपक्ष की अनुपस्थिति में पारित कर दिया गया। विधानसभा सभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने इसके बाद विधानसभा की कार्रवाई बिना समापन भाषण के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी।