कोलकाता, 29 अप्रैल 2026। West Bengal 2nd Phase Voting: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। चुनाव आयोग द्वारा बुधवार को शाम 5 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य में लगभग 89.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो लोकतांत्रिक भागीदारी का एक मजबूत संकेत माना जा रहा है।
West Bengal 2nd Phase Voting: लोगों ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया
दिन भर मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं और लोगों ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के आंकड़ों पर नजर डालें तो सुबह के मुकाबले दोपहर बाद मतदान में तेजी आई।
दोपहर 1 बजे तक पहले छह घंटों में 61.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो तीन बजे तक बढ़कर 78.68 प्रतिशत पहुंच गया। इसके बाद अंतिम घंटों में भी मतदाताओं की सक्रियता बनी रही, जिससे कुल मतदान प्रतिशत लगभग 90 फीसदी के करीब पहुंच गया।
जिलेवार आंकड़ों में कई क्षेत्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज
West Bengal 2nd Phase Voting: जिलेवार आंकड़ों में कई क्षेत्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। पूर्व बर्धमान में सबसे अधिक 92.46 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा हुगली में 90.34 प्रतिशत और नादिया में 90.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
अन्य जिलों में भी मतदाताओं की भागीदारी काफी प्रभावशाली रही। हावड़ा में 89.44 प्रतिशत, उत्तर 24 परगना में 89.74 प्रतिशत और दक्षिण 24 परगना में 89.57 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, शहरी क्षेत्रों में भी संतोषजनक मतदान दर्ज किया गया, जहां कोलकाता उत्तर में 87.77 प्रतिशत और कोलकाता दक्षिण में 86.11 प्रतिशत वोटिंग हुई।
मतदान अधिकांश स्थानों पर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ
West Bengal 2nd Phase Voting: भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान अधिकांश स्थानों पर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुचारू रहीं। हालांकि, कुछ क्षेत्रों से छिटपुट हिंसा और गड़बड़ी की खबरें सामने आईं, लेकिन कोई बड़ी अप्रिय घटना दर्ज नहीं की गई।
केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती, 142 सामान्य पर्यवेक्षकों और 95 पुलिस पर्यवेक्षकों की निगरानी के कारण स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में रही।
बता दें कि पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को 152 सीटों पर संपन्न हुआ था। दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान हुआ।
West Bengal 2nd Phase Voting: अब सभी की नजरें 4 मई पर टिकी हैं, जब मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। –आईएएनएस एससीएच/डीकेपी
Read More : 30 अप्रैल का पंचांग: नरसिंह जयंती के साथ लगेगा भद्रा का साया, रवि योग के भी शुभ संकेत
(यह खबर आईएएनएस समाचार एजेंसी के जरिए ली गई है। हिंद मित्र इसकी सामग्री के लिए जिम्मेदार नहीं है।)















