रायपुर, 03 अक्टूबर: Rang Sangeet Chapter 6: कविता, संगीत, साहित्य और लोककला के रंगों से सजी एक यादगार सांस्कृतिक संध्या के लिए राजधानी रायपुर तैयार है।
संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के विशेष सहयोग से प्रदेश की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था श्री साईंनाथ फाउंडेशन के तत्वावधान में 4 अक्टूबर, रविवार को एक दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन ‘रंग संगीत Chapter–6’ का आयोजन रायपुर के एक निजी होटल में किया जाएगा।
आयोजन में साहित्य, कविता, गीत, संगीत और लोककला की विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा।
कला, संगीत और साहित्य की महफिल का छठवां अध्याय
Rang Sangeet Chapter 6: श्री साईंनाथ फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘रंग संगीत’ कला, संगीत और साहित्य को समर्पित आयोजन है, जिसका यह छठवां संस्करण (Chapter–6) है। फाउंडेशन लंबे समय से साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों से निरंतर जुड़ा हुआ है और विभिन्न क्षेत्रों में रचनात्मक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के माध्यम से अपना योगदान देता आ रहा है।
‘रंग संगीत’ की निरंतरता इसी प्रयास की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसके माध्यम से स्थापित कलाकारों के साथ-साथ प्रदेश की उभरती प्रतिभाओं को भी अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।
श्री साईंनाथ फाउंडेशन के अध्यक्ष आशीष राज सिंघानिया ने बताया कि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास तथा संस्कृति एवं राजभाषा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे बतौर अतिथि शामिल होंगे।
Rang Sangeet Chapter 6: ‘हुनर के मंच’ पर दिखेगा युवा प्रतिभाओं का हुनर
चार विभिन्न सत्रों में आयोजित होने वाले इस सांस्कृतिक आयोजन में ‘हुनर के मंच’ प्रदेश की युवा प्रतिभाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस सत्र में आरव शुक्ला, निकिता सिंह, राकेश तिवारी, श्रीया चक्रवर्ती, इरफ़ान खान, असित बरनवाल, पंखुड़ी मिश्रा, मिनेश साहू, योगिता साहू, सना तमकीन, दिव्या वर्मा कीर्ति और रिकी बिंदास अपनी-अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन करेंगे।
हिंदी, उर्दू और छत्तीसगढ़ी रचनाओं से सजेगी ‘गीत त्रिवेणी’
Rang Sangeet Chapter 6: आयोजन के ‘गीत त्रिवेणी’ सत्र में विभिन्न भाषाओं और सांस्कृतिक संवेदनाओं का सुंदर संगम देखने को मिलेगा। गोपालगंज की कवयित्री सान्या राय, सीतामढ़ी के गीतकार मुरारी मंडल और रायपुर के गीतकार भरत द्विवेदी क्रमशः हिंदी, उर्दू और छत्तीसगढ़ी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। तीनों की रचनाएं अपनी विविध भावभूमि के साथ श्रोताओं को साहित्य और संगीत के अलग-अलग रंगों से रूबरू कराएंगी।
कलाकारों के सम्मान के बाद लोकसंगीत की सुरमयी प्रस्तुति
Rang Sangeet Chapter 6: कार्यक्रम के सम्मान समारोह में आमंत्रित कलाकारों एवं अतिथियों का सम्मान किया जाएगा। इसके पश्चात लोक गायन सत्र में जांजगीर से आने वाले सुप्रसिद्ध युवा गायक नीलेश जोगी एवं उनके साथी कलाकार लोकसंगीत सहित विभिन्न संगीत विधाओं पर आधारित भावपूर्ण प्रस्तुतियां देंगे।
‘रंग संगीत Chapter–6’ के माध्यम से साहित्य, संगीत, कला और लोकसंस्कृति को एक साझा मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन में प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मकता और हुनर प्रस्तुत करने का अवसर मिलने के साथ ही अलग-अलग विधाओं के कलाकारों और कला-साहित्य प्रेमियों का एक साझा सांस्कृतिक संवाद भी देखने को मिलेगा।
Rang Sangeet Chapter 6: श्री साईंनाथ फाउंडेशन की यह पहल कला, साहित्य और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उसके निरंतर प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और नई पीढ़ी की प्रतिभाओं के बीच एक सेतु का कार्य कर रही है।
Read More : यूपी में 15 आईएएस अधिकारियों का तबादला, कई विभागों में बदली जिम्मेदारियां














