IND vs SL T20: भारत ने श्रीलंका को पहले T20I में 62 रनों से हराया, दूसरे मैच के लिए टीम इंडिया तैयार

नई दिल्ली: भारत ने लखनऊ में खेले गए पहले T20I मुकाबले में श्रीलंका को 62 रनों से मात देकर 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। भारत की जीत के हीरो इशान किशन रहे जिन्होंने 89 रनों की पारी खेली। वहीं, श्रेयस अय्यर ने नाबाद रहते हुए 57 रनों का योगदान दिया।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इशान किशन और श्रेयस अय्यर के अर्धशतक की बदौलत 20 ओवरों में 2 विकेट खोकर 199 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसमें कप्तान रोहित शर्मा के 44 रनों का भी योगदान रहा। भारत के 199 रनों के जवाब में श्रीलंकाई टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 137 रन ही बना सकी। भारत की ओर से गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और वेंकटेश अय्यर ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत की T20I क्रिकेट में ये लगातार 10वीं जीत है। T20I क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा 12 जीत का रिकॉर्ड अफगानिस्तान और रोमानिया के नाम दर्ज है। यही नहीं, रोहित की कप्तानी में खेले गए 16 मैचों में भारतीय टीम की ये 15वीं जीत है।

घर में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा T20I जीत

15 – इयोन मोर्गन (25 मैच)                                                                                                  15 – रोहित शर्मा (16 मैच)                                                                                                15- केन विलियमसन (30 मैच)
14 – एरोन फिंच (25 मैच)
13 – विराट कोहली (23 मैच)

ईशान किशन वापस फार्म में लौटे

सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 में फॉर्म में वापसी का श्रेय कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को दिया। बएं हाथ का यह बल्लेबाज वेस्टइंडीज के खिलाफ अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाया था, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने भारत की 62 रन से जीत में 56 गेंदों पर 89 रन की पारी खेली।

टीम इंडिया में खूब दिख रहे हैं बदलाव, हर किसी को मौका
विराट कोहली को रेस्ट दिए जाने के बाद श्रेयस अय्यर ने तीसरे नंबर पर मिले मौके को अच्छी तरह से भुनाया है। रोहित शर्मा ने पहले मैच के बाद संकेत दिए कि रविंद्र जडेजा ऊपरी क्रम में ही बल्लेबाजी करेंगे क्योंकि टीम प्रबंधन उनके बल्लेबाजी कौशल का फायदा उठाना चाहता है। इस सीरीज से टीम में वापसी करने वाले संजू सैमसन को पहले मैच में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला और अगर उन्हें धर्मशाला में अवसर मिलता है तो वह उसका पूरा फायदा उठाना चाहेंगे। भारत गेंदबाजी विभाग में भी अच्छा कर रहा है और उसने गुरुवार को दीपक हुड्डा सहित सात विकल्प आजमाए। वेंकटेश अय्यर खर्चीले साबित हुए, लेकिन उन्होंने दो विकेट निकाले।

श्रीलंका के लिए ​मुश्किल होगा भारत को रोकना                                                                           दूसरी तरफ श्रीलंका को अगर भारत का 10 मैचों से चला आ रहा विजय अभियान रोकना है तो उसे इसके लिए विशेष प्रयास करने होंगे। टॉप आर्डर के नहीं चल पाने और मुख्य स्पिनरों महीश तीक्ष्णा और वानिंदु हसरंगा की गैरमौजूदगी में उसकी टीम पहले मैच में जूझती नजर आई। लखनऊ की तुलना में यहां रात को अधिक ठंड रहने की संभावना है। खिलाड़ियों को ऐसे में परिस्थितियों से जल्द से जल्द सामंजस्य बिठाना होगा।

भारतीय टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, रविंद्र जडेजा, दीपक हुड्डा, वेंकटेश अय्यर, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल, रुतुराज गायकवाड़, रवि बिश्नोई, अवेश खान, मोहम्मद सिराज कुलदीप यादव।

श्रीलंकाई टीम : पथुम निसांका, कामिल मिशारा, चरित असलांका, दिनेश चांदीमल (विकेटकीपर), जेनिथ लियानागे, दासुन शनाका (कप्तान), चमिका करुणारत्ने, दुष्मंथा चमीरा, प्रवीण जयविक्रमा, जेफरी वेंडरसे, लाहिरू कुमारा, दनुष्का गुणाथिलका, एशियाई डेनियल, शिरन फर्नांडो, बिनुरा फर्नांडो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here