पुतिन ने यूक्रेनी परमाणु संयंत्रों की सुरक्षा पर विचार के लिए त्रिपक्षीय बैठक का स्वागत किया, साथ ही कहा यूक्रेन हथियार डाले तो ही रुकेगा युद्ध’

नई दिल्ली,

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध 11वें दिन भी जारी है। इस युद्ध के और भीषण होने की संभावना है। राजधानी कीव पर कब्जे के के लिए रूसी सेना पूरी ताकत के साथ लड़ रही है। इसी बीच शनिवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नाटो देशों को चेतावनी दी कि रूस किसी तीसरे पक्ष द्वारा यूक्रेन के ऊपर ‘उड़ान निषिद्ध क्षेत्र (No-Fly Zone)’ घोषित करने को युद्ध में शामिल होना करार देगा।

पुतिन ने यूक्रेनी परमाणु संयंत्रों की सुरक्षा पर विचार के लिए त्रिपक्षीय बैठक का स्वागत किया

युद्धग्रस्त यूक्रेन में परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की सुरक्षा को लेकर विश्वभर में जतायी रही चिंता के बीच, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए), रूस और यूक्रेन की त्रिपक्षीय बैठक आयोजित करने के विचार को “उपयोगी” करार दिया। इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि इसका आयोजन वीडियो लिंक द्वारा या किसी तीसरे देश में किया जा सकता है। रूसी सेना ने यूक्रेन में “विशेष सैन्य अभियान” के दौरान ज़पोरिज़िया और चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा स्टेशनों पर नियंत्रण कर लिया था। रूसी राष्ट्रपति और उनके फ्रांसीसी समकक्ष एमैनुएल मैक्रों के बीच फोन पर हुयी बातचीत के बाद क्रेमलिन (रूसी सरकार का मुख्यालय) ने एक बयान में कहा कि पुतिन ने आईएईए, रूस और यूक्रेन के बीच वीडियो लिंक के जरिए या किसी तीसरे देश में बैठक के सुझाव का स्वागत किया है। बयान में कहा गया है कि त्रिपक्षीय (आईएईए-रूस-यूक्रेन) बैठक आयोजित करने के आईएईए महानिदेशक के प्रस्ताव पर टिप्पणी करते हुए पुतिन ने कहा कि सिद्धांत रूप में यह विचार उपयोगी हो सकता है, लेकिन वीडियो लिंक या किसी तीसरे देश में ऐसी बैठक आयोजित करने पर विचार करना उचित होगा। इससे पहले यूक्रेन ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी से कहा कि देश के सबसे बड़े ज़पोरिज़िया परमाणु ऊर्जा संयंत्र के छह में से दो रिएक्टर काम कर रहे हैं और विकिरण का स्तर सामान्य है। आईएईए के महानिदेशक राफेल ग्रोसी ने यह जानकारी दी।

पुतिन ने बताया सैन्य अभियान को कैसे रोका जा सकता है

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन में रूस के सैन्य अभियान को तभी निलंबित किया जा सकता है, जब कीव सैन्य कार्रवाई बंद कर दें और अपने तुर्की समकक्ष रेसेप तईप एर्दोगन के साथ फोन पर बातचीत में मास्को की मांगों को पूरा करें: रूसी समाचार एजेंसी TASS

पुतिन बोले- ‘हथियार डाले यूक्रेन, तभी रुकेगा युद्ध’

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रविवार को एक और चेतावनी जारी करते हुए कहा कि यह युद्ध तभी रुकेगा जब यूक्रेन हथियार डाल देगा। पुतिन ने तुर्की के राष्ट्रपति के साथ बातचीत में कहा, “यूक्रेन हमारी शर्तें मान ले, युद्ध खत्म हो जाएगा।” रूसी मीडिया के मुताबिक तुर्की के राष्ट्रपति से व्लादिमीर पुतिन ने साफ कर दिया कि वे बगैर अपनी शर्तें माने यूक्रेन में अपने कदम पीछे खींचने को तैयार नहीं हैं। रूसी राष्ट्रपति का कहना है कि ये जंग केवल तभी रुकेगी जब कीव हथियार डाल देगा और क्रेमलिन की सभी मांगों को पूरा करेगा। पुतिन की ये चेतावनी तुर्की के राष्ट्रपति तैयप एर्दोगन के साथ एक टेलीफोन के दौरान आई है।