सीएम नीतीश कुमार ने जनसंख्या नियंत्रण कानून पर दिया बड़ा बयान 

 पटना 
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि जनसंख्या नियंत्रण कानून अपनी जगह है और जो राज्य इसमें कुछ करना चाहें, यह उनका अपना अधिकार है। लेकिन,  हमलोगों ने बिहार में जनसंख्या के नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए शुरू से इसका आकलन व अध्ययन किया। इसका नतीजा आया कि अगर पत्नियां पढ़ी होंगी तो प्रजनन दर अपने आप घटेगी। हमलोग इसी पर चल रहे हैं। बिहार में प्रजनन दर चार से भी अधिक थी और हमलोगों ने महिलाओं की शिक्षा पर जोर दिया, जिससे यह तीन पर पहुंच गया है। अगले पांच-सात साल के अंदर बिहार की प्रजनन दर दो पर पहुंच जाएगी। 

स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रम के बाद अधिवेशन भवन में वे मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। कहा कि जनसंख्या नियंत्रण पर तो कोई भी कुछ कहते हैं तो इसमें हमारा क्या मतलब है। हमलोग तो अपना काम बता सकते हैं। इस सवाल पर की विपक्ष के बड़े-बड़े नेता दिल्ली में मिल रहे हैं और वर्ष 2024 की तैयारी कर रहे हैं, मुख्यमंत्री ने कहा कि जाने न दीजिए, इससे हमारा क्या मतलब है।