रायपुर ; 17 फरवरी । Raipur Traffic Police : शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से डॉ. संजीव शुक्ला (पुलिस कमिश्नर, रायपुर) एवं विश्वदीप (नगर निगम कमिश्नर) द्वारा 2 माह की विशेष कार्ययोजना तैयार कर उसे प्रभावी रूप से लागू करने का निर्णय लिया गया है।
रायपुर के पुलिस कंट्रोल रूम में बैठक आयोजित
Raipur Traffic Police : इस संबंध में रायपुर के पुलिस कंट्रोल रूम में बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के तीनों जोन के पुलिस उपायुक्त एवं ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों पर यातायात दबाव कम करना तथा नागरिकों को बेहतर एवं निर्बाध आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना है।
Raipur Traffic Police : बैठक के प्रमुख निर्णय
- शहर के सभी प्रमुख मार्गों को चरणबद्ध रूप से ठेला/खोमचा एवं अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा।
- सभी प्रमुख तिराहा-चौराहों के चारों ओर 50-50 मीटर की परिधि में नो पार्किंग एवं नो वेंडिंग का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
- रिंग रोड नंबर–01 में टाटीबंध चौक से जोरा ब्रिज तक सर्विस रोड पर खड़े वाहनों के विरुद्ध कठोर दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी।
- प्रमुख मार्गों पर रोड मार्किंग एवं जेब्रा क्रॉसिंग कराई जाएगी, जिससे यातायात संचालन अधिक सुव्यवस्थित हो सके।
- सभी ऑटोमैटिक सिग्नल युक्त चौराहों पर कांक्रीट ब्लॉक लगाकर लेफ्ट टर्न फ्री किया जाएगा।
- बाजार क्षेत्रों को ठेला/खोमचा मुक्त करने हेतु नए वेंडर जोन निर्धारित किए जाएंगे।
मुख्य सड़कों पर अवैध ठेला-गुमटी एवं अनियंत्रित पार्किंग को पूर्णतः प्रतिबंधित
Raipur Traffic Police : बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि प्रमुख मार्गों को नो वेंडर जोन एवं पार्किंग फ्री जोन घोषित किया जाएगा। मुख्य सड़कों पर अवैध ठेला-गुमटी एवं अनियंत्रित पार्किंग को पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाएगा। साथ ही, सभी प्रमुख चौक-चौराहों के 50-50 मीटर क्षेत्र में किसी भी प्रकार की पार्किंग या अस्थायी व्यवसायिक गतिविधि निषिद्ध रहेगी। उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Raipur Traffic Police : प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है
नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने बताया कि अभियान चलाकर सभी प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। उन्होंने पुलिस पेट्रोलिंग पार्टियों को निर्देशित किया कि ऐसे क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो। नगर निगम की ओर से रायपुर पुलिस को हरसंभव सहयोग देने की भी बात कही गई।
रिंग रोड नंबर–01 अंतर्गत टाटीबंध चौक से जोरा ब्रिज तक पार्किंग मुक्त करने के निर्देश
Raipur Traffic Police : इसके अलावा, रिंग रोड नंबर–01 अंतर्गत टाटीबंध चौक से जोरा ब्रिज तक क्षेत्र को पूर्णतः पार्किंग मुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान यातायात पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा नो पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों पर चालानी कार्रवाई, आवश्यकतानुसार क्रेन/टोइंग के माध्यम से कड़ी दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी।
















