हरियाणा की 18 नगरपरिषद व 28 नगरपालिका में शांतिपूर्ण रहा मतदान, 22 जून को होगी मतगणना  

चंडीगढ़,

हरियाणा की 18 नगरपरिषद व 28 नगरपालिका में अध्यक्ष व पार्षद पद के लिए हुआ चुनाव शांतिपूर्ण रहा। रात 8 बजे तक 70.4 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदाताओं का वोट ईवीएम में बंद हो गया है। अब 22 जून को मतगणना होगी। हरियाणा राज्य चुनाव आयुक्त श्री धनपत सिंह ने मतदान में लगे सभी कर्मचारियों व अधिकारियों को सफल मतदान करवाने के लिए बधाई दी है।

धनपत सिंह ने बताया कि 18 नगरपरिषद और 28 नगरपालिका में कुल 18 लाख 39 हजार 455 मतदाता हैं। रात 8 बजे तक इनमें से 12 लाख 95 हजार 508 मतदाताओं ने मतदान किया, जो कुल मतदान का 70.4 प्रतिशत है। कुछ मतदान केंद्रों पर रात में भी मतदाता वोट देने के लिए कतार में थे।

धनपत सिंह ने बताया कि पूरे प्रदेश में मतदान शांतिपूर्ण रहा, कहीं भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। कुछ जगहों पर ईवीएम में खराबी आई थी लेकिन उसे तत्काल दूर करके दूसरी मशीन से मतदान शुरू करवाया गया। जहां-जहां मतदान खत्म हो गया है, वहां-वहां पोलिंग स्टॉफ ने ईवीएम को जमा करवा दिया है। ईवीएम को स्ट्रॉगरूम में रखा जाएगा। 22 जून को मतगणना का कार्य शुरू होगा। मतदान में लगे पोलिंग एजेंट, पुलिस कर्मचारी व अन्य कर्मचारियों ने अपने कार्य को बखूबी निभाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here