रूस ने किया सीजफायर का ऐलान, नागरिकों के सुरक्षित निकलने तक हमला नहीं

नई दिल्ली,

यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर बड़ी खबर ये है कि रूस ने सीज फायर का ऐलान कर दिया है। जानकारी के मुताबिक युद्ध में फंसे हुए नागरिकों के सुरक्षित निकलने तक रूस सीजफायर जारी रखेगा। रूस के समय के मुताबिक सुबह 10 बजे से यह सीजफायर लागू हो जाएगा।

यूक्रेन पर रूस के हमले का आज 10 वां दिन है। 10 दिनों के युद्ध के बाद रूस ने सीजफायर का ऐलान किया है। दरअसल रूस के हमले के बाद कई देशों के नागरिक यूक्रेन में फंसे हुए हैं, उन्हें निकालने की मांग संबंधित देशों से की जाती रही है। इन नागरिकों को सुरक्षित रास्ता देने की मांग के बाद रूस ने यह पहल की है।

पहले रूसी सैनिकों ने यूरोप के सबसे बड़े परमाणु संयंत्र पर आधी रात को किए गए हमले के बाद कब्जा कर लिया है। इस हमले के दौरान वहां पर आग लग गई थी जिसको लेकर पूरी दुनिया में कुछ समय के लिए परमाणु विकिरण से तबाही होने की चिंता बढ़ गई थी। हालांकि, संयुक्त राष्ट्र और यूक्रेन के अधिकारियों ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि शुक्रवार के हमले के बाद दमकल कर्मियों ने आग को बुझा दिया है और कोई विकिरण नहीं हुआ है।

इस बीच, रूस द्वारा यूक्रेन के विभिन्न शहरों पर हमले जारी हैं। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के प्रमुख राफे मारियानो ग्रोसी ने यूक्रेन के दक्षिणी शहर इनेरहोदर स्थित जापोरिजिया परमाणु संयंत्र पर हमले के बारे में कहा कि रूसी ‘‘मिसाइल’’ प्रशिक्षण केंद्र पर गिरा न कि वहां मौजूद छह रिएक्टरों में से किसी पर। इस हमले ने दुनिया की चिंता बढ़ा दी और आशंका पैदा हो गई कि वर्ष 1986 में हुए चर्नोबिल हादसे से भी बड़ी आपदा पैदा हो सकती है।

रात को एक भावुक भाषण में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि उन्हें आशंका है कि धमाका ‘‘सभी का खात्मा कर सकता है। यूरोप को खत्म कर सकता है। यूरोप को खाली कर सकता है।’’ हालांकि, स्वीडन से लेकर चीन तक के अधिकारियों ने कहा कि विकिरण के स्तर में वृद्धि नहीं हुई है। अधिकारियों ने बताया कि रूसी सैनिकों ने पूरे इलाके को अपने कब्जे में ले लिया है लेकिन संयंत्र पर कार्यरत कर्मचारी अपना कार्य कर रहे हैं। ग्रोसी ने हमले के बाद कहा कि केवल एक रिएक्टर 60 प्रतिशत क्षमता के साथ काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि आग से दो लोग झुलस गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here