योजनाबद्ध तरीके से बिरझू तारम की हत्या न केवल टारगेट किलिंग है, अपितु राजनीतिक हत्या भी है : भाजपा

अरुण साव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने मोहला-मानपुर क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता बिरझू तारम के निधन को भाजपा की अपूरणीय क्षति बताया है। स्व. तारम को श्रद्धांजलि अर्पित करने और शोक-संतप्त परिजनों को ढाँढ़स बंधाने ग्राम सरखेड़ा पहुँचे अरुण साव ने बिरझू तारम की हत्या को टारगेट किलिंग और सत्ता पाने के लिए की गई राजनीतिक हत्या बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में हिंसा को कोई स्थान नहीं है, लेकिन प्रदेश सरकार राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के हिंसक होने पर खामोश बैठी है। भाजपा पूरी ताकत के साथ स्व. तारम के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने ग्राम सरखेड़ा पहुँचकर ग्रामीणों से मिलकर चर्चा की। बाद में पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री साव ने इस बात पर गहन क्षोभ व्यक्त किया कि परिजनों द्वारा लगातार प्रशासन को बिरझू तारम की जान को उत्पन्न खतरों के प्रति आगाह करते रहने के बावजूद प्रशासन की ओर से न तो उनकी सुरक्षा के उपाय किए गए और न ही आवश्यक कार्रवाई की गई। अरुण साव ने कहा कि जिस योजनाबद्ध तरीके से बिरझू तारम की हत्या हुई है, यह न केवल टारगेट किलिंग है अपितु यह सत्ता प्राप्ति के लिए राजनीतिक हत्या भी है। राज्य सरकार भाजपा के पदाधिकारियों की लगातार हो रही टारगेट किलिंग को नहीं रोक पा रही है। अरुण साव ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता से डरी हुई है, घबराई हुई है; और इसलिए सत्तालोलुपता के चलते प्रदेश सरकार की शह पर भाजपा के पदाधिकारियों की टारगेट किलिंग हो रही है ताकि भाजपा के पदाधिकारी-कार्यकर्ता डरकर, हताश होकर घर बैठ जाएँ और कांग्रेस येन-केन-प्रकारेण सत्ता प्राप्त कर ले। लेकिन लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। सत्ता के लिए राजनीतिक हत्याएँ कांग्रेस का इतिहास रहा है। लगातार राजनीतिक हत्याओं का पाप कांग्रेस पर रहा है। छत्तीसगढ़ में भी लगातार राजनीतिक हत्याएँ हो रही हैं, चाहे बिरझू तारम की हत्या हो या इससे पहले बस्तर में जो घटनाएँ हुईं, वह सब टारगेट किलिंग है, राजनीतिक हत्याएँ हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता किसी भी कीमत पर ऐसे लोगों को बर्दाश्त नहीं करेगी जो छत्तीसगढ़ की शांत फिजा को रक्तरंजित करने में लगे हुए हैं। प्रदेश की जनता ऐसी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए संकल्पित हो चुकी है। अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की शांति को किसी की नजर लगी है। ऐसे अराजक-आपराधिक तत्वों और उन्हें संरक्षण देने वालों को कड़ा सबक सिखाएंगे। भाजपा पूरी तरह से बिरझू तारम के परिवार और क्षेत्र के लोगों के साथ है। ऐसी लोगों से पूरी ताकत के साथ सख्त कार्रवाई के लिए लड़ाई लड़ेगी। अरुण साव ने कहा कि हमारे प्रमुख पदाधिकारी, जो इस क्षेत्र में भाजपा का नेतृत्व कर रहे थे, उन्हें लक्षित करके निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी गई, यह निश्चित रूप से राजनीतिक हत्या है और कांग्रेस की सरकार ने सत्ता पाने के लिए यह सब किया है। उन्होंने (अरुण साव ने) जिला कलेक्टर से कहा है कि लोगों में असुरक्षा की भावना है, लगातार लोगों के घरों की रेकी हो रही है, डराने-धमकाने का प्रयास हो रहा है, अत: सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साव ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव हों, लोग निर्भय होकर लोकतंत्र के महायज्ञ चुनाव में भाग ले सकें, इसके लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था निश्चित की जानी जरूरी है। उच्चाधिकारियों से भी इस विषय पर बातचीत की जाएगी। लोकतंत्र इस तरह से नहीं चलता है। लोग निर्भय होकर चुनाव में भाग ले सकें, यह सुनिश्चित करने का काम प्रशासन का है और यह कार्य प्रशासन को करना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here