निगम के चीफ इंजीनियर की रिटायरमेंट के एक दिन पहले संदेहास्पद परिस्थिति में मौत

धनबाद 
नगर निगम के चीफ इंजीनियर अजीत लुईस लकड़ा की संदेहास्पद परिस्थिति में रिटायरमेंट से एक दिन पहले मौत हो गई। रांची से धनबाद आने के क्रम में गया पुल के समीप उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। ड्राइवर ने इलाज के लिए उन्हें जालान अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन थोड़ी ही देर में उनकी मौत हो गई। 31 अगस्त को वह धनबाद नगर निगम से रिटायर करने वाले थे। रिटायर से एक दिन पहले कागजी प्रकिया पूरी करने के लिए वह धनबाद आ रहे थे कि रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। निगम के चीफ इंजीनियर की मौत की खबर सुनकर सदर थाने की पुलिस ने पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया। चिकित्सकों के अनुसार हार्ट अटैक की वजह से उनकी मौत हुई है। पिछले आठ महीने से निगम के चीफ इंजीनियर फरार चल रहे थे। फरारी में ही उन्होंने निगम से छुट्टी ले ली थी। चीफ इंजीनियर की मौत की खबर सुन कर निगम के इंजीनियर काफी संख्या में जालान अस्पताल पहुंचे। 

राष्ट्रीय खेल घोटाले में निकला था वारंट 
नगर निगम के मुख्य अभियंता अजीत लुईस लकड़ा 28.34 करोड़ के नेशनल गेम्स घोटाले मामले में फरार चल रहे थे। उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी। नेशनल गेम्स घोटाले को लेकर निगरानी कांड संख्या 49/10 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान अन्य आरोपियों की मिलीभगत सामने आयी है। इसमें सेवानिवृत्त कल्याण पदाधिकारी सुविमल मुखोपाध्याय, नगर निगम धनबाद के चीफ इंजीनियर अजीत लुईस लकड़ा, सेवानिवृत्त कार्यपालक अभियंता कैबिनेट (निगरानी) शुकदेव सुबोध गांधी एवं मोरहाबादी के हरिहर सिंह रोड निवासी हीरालाल दास की मिलीभगत सामने आयी थी। इन सभी पर गलत तरीके से सरकार के वित्तीय नियमों एवं पद का दुरुपयोग करने का आरोप है। 
 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here