जगन्नाथ रथ यात्रा क्या है : इस साल SC के पाबंदियों के साथ जगन्नाथ मंदिर में रथ यात्रा की अनुमति दी गई.

जगन्नाथ रथ यात्रा भगवान विष्णु के अवतार भगवान जगन्नाथ उनके भाई बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के साथ जगत प्रसिद्ध जगन्नाथ पुरी मंदिर में आयोजित की जाती है। अपने जीवन काल में चार धाम यात्रा अवश्य करनी चाहिए। जगन्नाथ धाम मंदिर इन चार तीर्थस्थलों में से पूर्व दिशा की ओर स्थापित धाम है।

गुण्डिचा माजन 

गुण्डिचा माता मंदिर रथ यात्रा से एक दिन पहिले भगवान जगन्नाथ के विश्राम के लिए साफ किया जाता है, मंदिर की सफाई के इस अनुष्ठान को गुण्डिचा माजन के नाम से जाना जाता है। तथा मंदिर की सफाई के लिए जल इन्द्रद्युम्न सरोवर से लाया जाता है। रथ यात्रा में प्रयोग होने वाले रथ का निर्माण कार्य अक्षय तृतीया के शुभ पर्व पर भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद के साथ हो जाता है। रथ यात्रा तथा बहुदा यात्रा से भी पहले हमें एक और रोचक यात्रा के बारे में जानना चाहिए। जगन्नाथ रथ यात्रा के अनुष्ठान की तैयारियाँ रथ यात्रा के दिन से बहुत पहले से प्रारंभ हो जाया करतीं हैं। रथयात्रा से लगभग 18 दिन पहले भगवान जगन्नाथ, उनके भाई बलभद्र और उनकी बहन देवी सुभद्रा को औपचारिक जल स्नान कराया जाता है। जिसे स्नान यात्रा के नाम से जाना जाता है।

स्नान यात्रा

स्नान यात्रा के दिन, भगवान को जगन्नाथ मंदिर के उत्तरी कुएं से खींचे गए शुद्ध जल के 108 बर्तनों से स्नान कराया जाता है।ठंडे जल से स्नान के उपरांत भगवान बीमार पड़ जाते हैं, और 15 दिनों तक भक्तों को भी दर्शन नही देते हैं। इस अवधि को अनासारा के रूप में जाना जाता है। 15 दिनों के बाद भगवान वापस लौट कर आते हैं, और भक्तों को दर्शन देते हैं। भगवान के इन दर्शन को नव यौवन दर्शन तथा नेत्रोत्सव कहा जाता है। तथा नेत्रोत्सव के अगले ही दिन, भव्य जगन्नाथ रथ यात्रा उत्सव मनाया जाता है

हेरा पंचमी

हेरा पंचमी, जगन्नाथ धाम पुरी में रथ यात्रा की प्रक्रिया के दौरान किया जाने वाला एक अनुष्ठान है। रथयात्रा के पांचवें दिन, यह अनुष्ठान आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष में माता महालक्ष्मी द्वारा किया जाता है।

हेरा पंचमी मुख्य रूप से गुण्डिचा मंदिर में मनाई जाती है। इस दिन मुख्य मंदिर अर्थात जगन्नाथ धाम मंदिर से भगवान जगन्नाथ की पत्नी माता लक्ष्मी, सुवर्ण महालक्ष्मी के रूप में गुंडिचा मंदिर में आती हैं। उन्हें मंदिर से गुण्डिचा मंदिर तक पालकी में ले जाया जाता है, जहाँ पुजारी उन्हें गर्वग्रह में ले जाते हैं और भगवान जगन्नाथ से मिलाते हैं। सुवर्ण महालक्ष्मी भगवान जगन्नाथ से पुरी के मुख्य मंदिर अपने धाम श्रीमंदिर में वापस चलने का आग्रह करती हैं।

भगवान जगन्नाथ उनके अनुरोध को स्वीकार करते हैं और माता लक्ष्मी को उनकी सहमति के रूप में एक माला (सनमाति माला) देते हैं। फिर शाम को माता लक्ष्मी गुंडिचा मंदिर से जगन्नाथ मंदिर लौटती हैं। मुख्य मंदिर प्रस्थान से पहले, वह क्रोधित हो जाती है और अपने एक सेवक को नंदीघोष (भगवान जगन्नाथ का रथ) के एक हिस्से को नुकसान पहुंचाने का आदेश देती है। जिसे रथ भंग कहा जाता है।

माता महालक्ष्मी गुंडिचा मंदिर के बाहर एक इमली के पेड़ के पीछे छिपकर इन सभी कार्यों के लिए निर्देश देती हैं। कुछ समय बाद माता हेरा गौरी साही नामक गोपनीयता मार्ग के माध्यम से शाम को जगन्नाथ मंदिर पहुँच जाती हैं।संत एवं गुरुओं के मत के अनुसार, हेरा पंचमी श्रीमंदिर के महत्वपूर्ण अनुष्ठानों में से एक है। भगवान जगन्नाथ के लाखों भक्त इस अनोखे अनुष्ठान का आनंद लेते हैं।

बाहुदा यात्रा

देवशयनी एकादशी के दिन से भगवान जगन्नाथ चार महीने के लिए अपनी निद्रा मे चले जाते हैं। इससे पहले, भगवान जगन्नाथ को अपने मुख्य मंदिर मे लौटना आवश्यक है। अतः रथयात्रा के 8वें दिन के बाद, दशमी तिथि पर अपने मुख्य मंदिर लौटने की यात्रा को बहुडा यात्रा के नाम से जाना जाता है। बाहुदा यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ देवी अर्धासिनी घर में एक छोटा सा पड़ाव रखते हैं। माँ अर्धासिनी के इस मंदिर को मौसी माँ मंदिर के नाम से भी जाना जाता है।

रथयात्रा के लिए 3 रथ बनाए जाते हैं
भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के लिए हर साल 3 रथ बनाए जाते हैं। इन रथों में पहिये से लेकर शिखर के ध्वजदंड तक 34 अलग-अलग हिस्से होते हैं। तीनों रथों के निर्माण में 4000 लकड़ी के हिस्से तैयार किए जाते हैं। इसमें 8-8 फीट के 865 लकड़ी के मोटे तनों यानी 13000 क्यूबिक फीट लकड़ी का इस्तेमाल होता है। यह लकड़ी नयागढ़, खुर्दा, बौध इलाके के वनों से 1000 पेड़ों को काटकर जुटाई जाती है। हालांकि इसके लिए इससे दोगुने पौधे भी लगाए जाते हैं।
  • पुरी रथयात्रा के लिए बलराम, श्रीकृष्ण और देवी सुभद्रा के लिए तीन अलग-अलग रथ निर्मित किए जाते हैं। रथयात्रा में सबसे आगे बलरामजी का रथ, उसके बाद बीच में देवी सुभद्रा का रथ और सबसे पीछे भगवान जगन्नाथ श्रीकृष्ण का रथ होता है। इसे उनके रंग और ऊंचाई से पहचाना जाता है।
  • भगवान जगन्नाथ का नंदीघोष रथ 45.6 फीट ऊंचा, बलरामजी का तालध्वज रथ 45 फीट ऊंचा और देवी सुभद्रा का दर्पदलन रथ 44.6 फीट ऊंचा होता है।
  • बलरामजी के रथ को ‘तालध्वज’ कहते हैं, जिसका रंग लाल और हरा होता है। देवी सुभद्रा के रथ को ‘दर्पदलन’ या ‘पद्म रथ’ कहा जाता है, जो काले या नीले और लाल रंग का होता है, जबकि भगवान जगन्नाथ के रथ को ‘ नंदीघोष’ या ‘गरुड़ध्वज’ कहते हैं। इसका रंग लाल और पीला होता है।
  • सभी रथ नीम की पवित्र और परिपक्व काष्ठ (लकड़ियों) से बनाए जाते हैं, जिसे ‘दारु’ कहते हैं। इसके लिए नीम के स्वस्थ और शुभ पेड़ की पहचान की जाती है, जिसके लिए जगन्नाथ मंदिर एक खास समिति का गठन करती है। इन रथों के निर्माण में किसी भी प्रकार के कील या कांटे या अन्य किसी धातु का प्रयोग नहीं होता है।
  • जगन्नाथ पुरी में वार्षिक रथयात्रा इस वर्ष 12 जुलाई को होगी। आषाढ़ माह की शुक्लपक्ष की द्वितीया तिथि को रथयात्रा आरम्भ होती है। ढोल, नगाड़ों, तुरही और शंखध्वनि के बीच भक्तगण इन रथों को खींचते हैं। कहते हैं, जिन्हें रथ को खींचने का अवसर प्राप्त होता है, वह महाभाग्यवान माना जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, रथ खींचने वाले को मोक्ष की प्राप्ति होती है।914945500249a5d5af557b0b7bb6ea70 original 

     

  • प्रशासन की कोरोना गाइड लाइन 

    प्रशासन रथ यात्रा से जुड़े सभी पुजारियों, पुरोहितों और सेवकों की सूची भी तैयार कर रहा है। सभी को कोरोना का टीका भी लगाया गया, ताकि दो महीने बाद जब रथ यात्रा शुरू हो तब तक सभी को टीके की दोनों डोज लग चुकी हों। फेस मास्क, सेनिटेशन और हाथ धोने के उपयोग और सामाजिक दूरी बनाए रखने पर जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेगा।

     

  • ओडिशा में रहेगा कर्फ्यू, छत से भी यात्रा देखने पर मनाही
    वार्षिक रथयात्रा उत्सव श्रद्धालुओं की भीड़ के बगैर ही होगा और उन्हें रथ के मार्ग में छतों से भी रस्म देखने की अनुमति नहीं होगी. पुरी के जिलाधिकारी समर्थ वर्मा ने कहा कि प्रशासन ने अपने फैसले की समीक्षा की है और रथयात्रा का दृश्य घरों एवं होटलों की छतों से देखने पर भी पाबंदी लगा दी गयी है.

    उन्होंने कहा कि 12 जुलाई को होने वाले इस उत्सव से एक दिन पहले पुरी शहर में कर्फ्यू लगाया जाएगा जो अगले दिन दोपहर तक प्रभाव में रहेगा. वर्मा ने कहा कि भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ का यह उत्सव कोविड-19 महामारी के चलते लगातार दूसरे वर्ष बिना श्रद्धालुओं की भागीदारी के मनाया जा रहा है. उन्होंने शहर के लोगों से टेलीविजन पर इस उत्सव का सीधा प्रसारण देखने की अपील की.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here