ऐतिहासिक धरोहर लालबाग़ के संरक्षण के लिए होंगे ठोस कार्य

भोपाल

पर्यटन, संस्कृति और आध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर तथा जल संसाधन मंत्री श्री तुलसी राम सिलावट ने आज इंदौर के ऐतिहासिक लालबाग़ का निरीक्षण किया। मंत्रीद्वय ने कहा कि लालबाग़ इंदौर की ऐतिहासिक धरोहर है और इसके संरक्षण के लिए ठोस कार्य किए जायेगे।

मंत्रीद्वय ने लालबाग़ परिसर में स्थित विभिन्न स्थलों का मौक़ा मुआयना किया और पुरातत्व विभाग के उपस्थित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने कहा कि यह परिसर होलकर क़ालीन विरासत संजोये हुए हैं। यहाँ की पेंटिंग और अन्य साजो-सामान में उस काल की कला और संस्कृति की झलक दिखती है। हमें इस ऐतिहासिक धरोहर को आने वाली पीढ़ी के लिए संजोकर रखना है।

मंत्री श्री तुलसी सिलावट ने कहा कि परिसर में स्थित चम्पा बावड़ी और चम्पेश्वर मंदिर का संरक्षण किया जाना ज़रूरी है। परिसर में नगर निगम के भंगार को देखकर मंत्रीद्वय ने अप्रसन्नता जतायी और इसे हटाने के निर्देश दिए। समस्त परिसर का सीमांकन और सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल तत्काल निर्मित किए जाने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया गया। मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि शीघ्र ही लालबाग़ के संरक्षण में बनी कार्ययोजना और अब तक हुए कार्यों की प्रगति के लिए संभागायुक्त इंदौर के समन्वय पर सभी संबंधित विभागों की बैठक रखी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान पार्षद विनीता वर्मा, उप संचालक पुरातत्व श्री एस.आर. वर्मा सहित  क्रियान्वयन एजेंसी के प्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here