नई दिल्लीः Padma Awards 2025: देशभर की 68 प्रतिष्ठित हस्तियों को मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। इनमें भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जगदीश सिंह खेहर, डांसर शोभना चंद्रकुमार, अभिनेता अनंत नाग और प्रतिष्ठित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की कुलपति सोनिया नित्यानंद शामिल हैं। 25 जनवरी को 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कुल 139 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को देश के नागरिक पुरस्कारों (पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री) के लिए नॉमिनेट किया गया था।
राष्ट्रपति ने मंगलवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य की उपस्थिति में राष्ट्रपति भवन में दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में 68 चुने हुए लोगों को पुरस्कार प्रदान किए। 28 अप्रैल को पहले अलंकरण समारोह के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने 71 हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए थे।
Padma Awards 2025: जानें किन्हें मिला पद्म विभूषण
मंगलवार को राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू ने जस्टिस (रिटायर्ड) खेहर को सार्वजनिक मामलों के लिए देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया। जबकि दिवंगत कथक डांसर कुमुदिनी रजनीकांत लाखिया और दिवंगत प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा को भी पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।
9 हस्तियों को मिला पद्म भूषण
Padma Awards 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने समारोह के दौरान 9 पद्म भूषण (तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान) भी प्रसिद्ध हस्तियों को प्रदान किया। इनमें डांसर और अभिनेता शोभना चंद्रकुमार, व्यवसायी नल्ली कुप्पुस्वामी चेट्टी, आर्कियोलॉजिस्ट कैलाश नाथ दीक्षित, डांसर जतिन गोस्वामी, अभिनेता अनंत नाग और साध्वी ऋतंभरा शामिल थीं। अर्थशास्त्री बिबेक देबरॉय और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और लोकसभा अध्यक्ष रहे मनोहर जोशी को भी पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।
किन्हें मिला पद्म श्री?
पद्मश्री पाने वालों में प्रमुख इम्यूनोलॉजिस्ट और केजीएमयू के कुलपति नित्यानंद, फुटबॉलर इनिवलाप्पिल मणि विजयन, गायिका अश्विनी भिडे देशपांडे, अभिनेता अशोक लक्ष्मण सराफ, मास्क मेकर रेबा कांता महंत, संगीतकार रिकी ज्ञान केज, प्रसिद्ध थिएटर कलाकार और अभिनय प्रशिक्षक बैरी जॉन, लोक संगीतकार और प्रसिद्ध पराई वादक वेलु आसन, व्यवसायी सज्जन भजनका, डॉ. नीरजा भटला, वैज्ञानिक अजय वी भट्ट, लेखक संत राम देसवाल, आध्यात्मिक नेता आचार्य जोनास मेजेटी और फारूक अहमद मीर शामिल हैं।
किन्हें मिलते हैं पद्म पुरस्कार?
Padma Awards 2025: यह पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल और सिविल सेवा जैसे विभिन्न विषयों और क्षेत्रों में दिए जाते हैं। पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है। पद्म भूषण उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्म श्री किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है।
इनको भी मिला सम्मान
पद्म विभूषण
- (मरणोपरांत) कुमुदिनी लाखिया – नृत्य
- (मरणोपरांत) डॉ. शारदा सिन्हा – लोक संगीत
- डॉ. शोभना चंद्रकुमार – भारत नाट्यम
- न्यायमूर्ति (से.नि.) जगदीश सिंह खेहर – न्याय क्षेत्र
पद्म भूषण
- (मरणोपरांत) डॉ. बिबेक देबरॉय – अर्थशास्त्र
- कैलाशनाथ दीक्षित – पुरातत्व
- डॉ. मनोहर जोशी (मरणोपरांत) – राजनीति
- रामबहादुर राय – पत्रकारिता
- नल्ली कुप्पुस्वामी चेत्ती – उद्योग व समाज सेवा
- जतिन गोस्वामी – सत्तरिया नृत्य
- अनंत नाग – सिनेमा
- साध्वी ऋतम्भरा – सामाजिक सेवा
पद्म श्री
- वेलु आसन – परई वादन कलाकार
- डॉ. भीम सिंह भावेश – पत्रकारिता व सामाजिक कार्य
- राधा भट्ट – समाजसेवा व पर्यावरण
- हरचंदन सिंह भट्टी – चित्रकला व म्यूजियम डिजाइन
- डॉ. चेतन चिटनिस – मलेरिया वैक्सीन वैज्ञानिक
- डॉ. नीरजा भाटला – महिला स्वास्थ्य विशेषज्ञ
- अजय वी. भट्ट – यूएसबी तकनीक के जनक
- डॉ. विलास डांगरे – होम्योपैथ चिकित्सक
- नारायण उर्फ भुलाई भाई (मरणोपरांत) – राजनीति व सामाजिक न्याय
- सज्जन भजंका – उद्योग व शिक्षा
Padma Awards 2025: जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के भेदभाव के बिना सभी व्यक्ति इन पुरस्कारों के लिए पात्र हैं। महिलाओं, समाज के कमजोर वर्गों, अनुसूचित जातियों और जनजातियों, दिव्यांग व्यक्तियों में से ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्तियों की पहचान करने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं जिनकी उपलब्धियाँ वास्तव में मान्यता के योग्य हैं और जो समाज के लिए निस्वार्थ सेवा कर रहे हैं।
Read More: NDA शासित 19 राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मिले पीएम मोदी, बताया जाति जनगणना का लक्ष्य