NDA : मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में और विशाल जनादेश प्राप्त करेंगे

NDA
NDA : मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में और विशाल जनादेश प्राप्त करेंगे

नयी दिल्ली, (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने मंगलवार को जोर देकर कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ेगा और लगातार तीसरी बार ‘प्रचंड बहुमत’ के साथ सत्ता में वापसी करेगा।

एक ओर 26 विपक्षी दलों ने सत्तारूढ़ गठबंधन का मुकाबला करने के लिए बेंगलुरु में अपना सम्मेलन आयोजित किया, उसी दिन भाजपा ने अपने सहयोगियों के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। राजग के घटकों ने देश के विकास की सराहना की और बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर मोदी के नेतृत्व में अपना विश्वास व्यक्त किया।

सत्तारूढ़ गठबंधन द्वारा पारित प्रस्ताव में कहा गया, ‘‘यहां आयोजित राजग की बैठक में 39 दलों ने हिस्सा लिया और दावा किया कि विपक्ष के सामने पहचान और प्रासंगिकता का संकट है।’’ प्रस्ताव में कहा गया, ‘‘आज, विपक्ष भ्रमित और भटका हुआ है।’’

इसमें कहा गया है कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में मोदी पर करोड़ों भारतीयों का अटूट भरोसा है

राजग ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में 2014 के लोकसभा चुनावों में उसे (गठबंधन को) लोगों से जो आशीर्वाद मिला, वह 2019 के चुनावों में ‘कई गुना’ बढ़ गया।

भाजपा-नीत गठबंधन ने कहा, ‘‘देश विपक्षी दलों के झूठ, अफवाहों और बेबुनियाद आरोपों को खारिज करते हुए, राजग गठबंधन के नेतृत्व में विश्वास जता रहा है।’’

घटक दलों ने कहा, ‘‘राजग में शामिल सभी दलों को 2019 में मिले जनादेश से भी बड़ा जनादेश 2024 में हासिल करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरा भरोसा है।’’

बैठक में शिवसेना अध्यक्ष और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रस्ताव पेश किया, जबकि ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के के. पलानीस्वामी और असमगण परिषद (एजीपी) के अतुल बोरा ने इसका समर्थन किया।

प्रस्ताव में कहा गया, ‘‘राजग के सभी घटक दलों ने संकल्प लिया कि वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एकजुट होकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे और वह लगातार तीसरी बार भारी बहुमत के साथ देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।’’

प्रस्ताव के मुताबिक पिछले नौ वर्षों में, राजग सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण (सेवा, सुशासन और गरीबों का कल्याण) के दृष्टिकोण को सही मायने में साकार किया है।

प्रस्ताव में कहा गया है कि सुशासन और विकास की इस यात्रा में सभी वर्गों, क्षेत्रों और समुदायों की भागीदारी रही।

इसमें कहा गया, ‘‘चाहे वह अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली राजग सरकार हो या मोदी के नेतृत्व वाली सरकार, इसने हमेशा क्षेत्रीय आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए राष्ट्र निर्माण के लिए काम किया है।

प्रस्ताव में मोदी सरकार के गरीब-समर्थक उपायों की सराहना की गई, जिससे गरीबी में भारी कमी आई है।

घटक दलों ने कहा कि राजग सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, महिलाओं और समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।

गरीबों को सशक्त बनाने के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रस्ताव में कहा गया कि राजग के कार्यकाल में दलित रामनाथ कोविंद और आदिवासी द्रौपदी मुर्मू को देश का राष्ट्रपति बनाया गया।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here