नई दिल्ली
क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को भारत के वेस्टइंडीज दौरे की घोषणा की। टीम इंडिया दौरे पर 22 जुलाई से सात अगस्त के बीच तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेलेगी। भारत का इंग्लैंड दौरा 17 जुलाई को समाप्त होगा। उसके बाद खिलाड़ी सीधे वेस्टइंडीज के लिए रवाना होंगे। वनडे सीरीज के सभी मैच पोर्ट ऑफ स्पेन के क्विंस पार्क ओवल में खेले जाएंगे।
तीन टी20 मैचों में पहले मुकाबले की मेजबानी पोर्ट ऑफ स्पेन के ब्रायन लारा स्टेडियम को मिली है। वहीं, दूसरे और तीसरे टी20 मैच का आयोजन सेंट किट्स एंड नेविस में होगा। इसके बाद दोनों टीमें आखिरी दो टी20 मैचों के लिए अमेरिका जाएगी। वहां फ्लोरिडा के लॉडरहिल में दोनों मुकाबले खेले जाएंगे। तीन वनडे मैच क्रमशः 22, 24 और 27 जुलाई को खेले जाएंगे।
वेस्टइंडीज के कप्तान ने क्या कहा?
वेस्टइंडीज के कप्तान निकोलस पूरन ने आगामी सीरीज पर कहा, “हमारे पास एक युवा टीम है जो क्रिकेट के उस ब्रांड को बहाल करने के लिए उत्सुक है जिसे वेस्टइंडीज टीम खेलने के लिए जानी जाती है। हमारी महत्वाकांक्षा हमेशा प्रतिस्पर्धी रहने की है। हम सीरीज का उपयोग आगामी टी20 और 50 ओवर विश्व कप के लिए अपनी तैयारियों को ठीक करने के लिए करेंगे।”
भारत के वेस्टइंडीज दौरे का कार्यक्रम
मैच | तारीख | मैदान | समय (भारत के मुताबिक) |
पहला वनडे | 22 जुलाई | पोर्ट ऑफ स्पेन | शाम 7:00 बजे |
दूसरा वनडे | 24 जुलाई | पोर्ट ऑफ स्पेन | शाम 7:00 बजे |
तीसरा वनडे | 27 जुलाई | पोर्ट ऑफ स्पेन | शाम 7:00 बजे |
पहला टी20 | 29 जुलाई | पोर्ट ऑफ स्पेन | रात 8:00 बजे |
दूसरा टी20 | 1 अगस्त | सेंट किट्स एंड नेविस | रात 8:00 बजे |
तीसरा टी20 | 2 अगस्त | सेंट किट्स एंड नेविस | रात 8:00 बजे |
चौथा टी20 | 6 अगस्त | फ्लोरिडा, अमेरिका | रात 8:00 बजे |
पांचवां टी20 | 7 अगस्त | फ्लोरिडा, अमेरिका | रात 8:00 बजे |