‘महाभारत’ में शकुनी की भूमिका निभाने वाले गूफी पेंटल का निधन

मुंबई।। टेलीविजन धारावाहिक ‘महाभारत’ में ‘‘शकुनी मामा’’ की भूमिका निभाने के बाद हर घर का जाना-माना चेहरा बन गए अभिनेता गूफी पेंटल का उम्र संबंधी समस्याओं के कारण यहां एक अस्पताल में सोमवार को निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे। अभिनेता के भतीजे हितेन पेंटल ने यह जानकारी दी।

गूफी का असली नाम सर्वजीत सिंह पेंटल था। वह उपनगरीय अंधेरी के एक अस्पताल में भर्ती थे। उनके भतीजे हितेन पेंटल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘ वह नहीं रहे। सुबह नौ बजे अस्पताल में उनका निधन हो गया। उनके दिल ने काम करना बंद कर दिया और नींद में ही उन्होंने अंतिम सांस ली।’’हितेन ने पहले ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था कि अभिनेता उम्र संबंधी समस्याओं से परेशान हैं।

हितेन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा था, ‘‘उन्हें रक्तचाप और हृदय संबंधी समस्याएं हैं। वह काफी समय से अस्वस्थ हैं। तबीयत ज्यादा बिगड़ने के कारण हमने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। वह सात-आठ दिन से अस्पताल में हैं। शुरू में उनकी हालत गंभीर थी, लेकिन फिलहाल स्थिर है।’’

धारावाहिक ‘महाभारत’ में भीष्म की भूमिका निभाने वाले अभिनेता मुकेश खन्ना ने कहा, ‘‘ मेरा ‘महाभारत’ के समय से ही उनके साथ रिश्ता था और फिर ‘शक्तिमान’ में हमने साथ काम किया। ‘महाभारत’ में हमारे बीच लड़ाई के लंबे दृश्य थे। उन्होंने ही मुझे ‘महाभारत’ के लिए बुलाया था और उसके साथ ही हमारी बातचीत शुरू हुई। वह उन लोगों में से थे, जो दूसरों को फोन करके बताते थे कि ऑडिशन कहां हो रहा है।’’

‘सिने एंड टीवी एक्ट्रेस एसोसिएशन’ (सिनेटा) के आधिकारिक ट्विटर खाते पर गूफी पेंटल को श्रद्धांजलि दी गई। खाते से ट्वीट किया गया, ‘‘ सिनेटा गूफी पेंटल के निधन पर शोक व्यक्त करता है।’’

गूफी पेंटल सितंबर 1992 से ‘सिनेटा’ के सदस्य थे।

अभिनेत्री निमृत कौर ने ट्वीट किया, ‘‘ भारतीय सिनेमा में शानदार योगदान… परिवार के साथ संवेदनाएं। गूफी पेंटल जी, भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।’’अभिनेता गुल्शन देवय्या ने भी गूफी पेंटल की तस्वीर साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

पेंटल ने 1980 के दशक में ‘सुहाग‘, ‘दिल्लगी’, जैसी फिल्में करने के साथ ही ‘सीआईडी’ और ‘हेलो इंस्पेक्टर’ जैसे टेलीविजन धारावाहिक भी किए। हालांकि बी. आर. चोपड़ा की ‘महाभारत’ में शकुनी के उनके किरदार से उन्हें घर-घर में पहचान मिली।

गूफी पेंटल के परिवार में उनका बेटा, बहू और पोता हैं। उनके भाई पेंटल (असली नाम कंवरजीत) भी मशहूर अभिनेता हैं।

उनका अंतिम संस्कार आज शाम करीब चार बजे उपनगर अंधेरी के एक श्मशान घाट में किया जाएगा।

भाषा निहारिका मनीषा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here