बजट भाषण के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष की ओर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं

0
7
budget speech
budget speech

नई दिल्ली फरवरी । budget speech :  वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में रिकॉर्ड नौवां केंद्रीय बजट 2026 पेश करते हुए  कहा कि माघ पूर्णिमा और गुरु रविदास जयंती के पावन अवसर पर कर्तव्य भवन में पेश किया गया यह पहला बजट तीन कर्तव्यों से प्रेरित है। बजट भाषण के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष की ओर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। सरकार ने इसे विकासोन्मुखी और भविष्यदृष्टि वाला बजट बताया, वहीं विपक्ष ने कुछ क्षेत्रों में और अधिक आवंटन की मांग उठाई।

बजट में टूरिज्म को मजबूत करने के लिए ठोस कदम- PM मोदी

budget speech : PM मोदी ने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि इस बजट में पर्यटन और विशेषकर पूर्वोत्तर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी ठोस कदम उठाए गए हैं। भारत के अलग-अलग राज्यों को ताकतवर बनाकर, संतुलित विकास की नींव भी इस बजट में मजबूत की गई है। हमारे देश में 10 करोड़ से ज्यादा महिलाएं SHGs से जुड़ी हैं और ये बड़ा सफल अभियान रहा है। महिलाओं द्वारा निर्मित और संचालित SHGs का आधुनिक इकोसिस्टम बने, बजट में इसे प्राथमिकता दी गई है। कोशिश यही है कि हर घर में लक्ष्मी जी पधारें।

जेपी नड्डा ने बजट 2026 को बताया दूरदर्शी

budget speech : केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने केंद्रीय बजट 2026 के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश किया गया यह बजट समावेशी, कल्याणकारी और विकसित भारत के लक्ष्य को सशक्त करने वाला है। नड्डा ने इसे युवा शक्ति को मजबूत करने वाला और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐतिहासिक बजट बताया। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में बढ़े आवंटन, मानसिक स्वास्थ्य पर फोकस और जामनगर में WHO ट्रेडिशनल मेडिसिन सेंटर की स्थापना को सराहनीय कदम बताया।

विकसित भारत की नींव रखने वाला बजट: अश्विनी वैष्णव

budget speech : रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह युवा शक्ति, नारी शक्ति और कर्तव्य भाव से समर्पित बजट है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत की मजबूत नींव रखता है। वैष्णव ने बताया कि बजट में इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र का आवंटन 22 हजार करोड़ से बढ़ाकर 40 हजार करोड़ किया गया है। साथ ही सेमीकॉन 2.0 के तहत मशीन, मटेरियल और डिजाइन का पूरा इकोसिस्टम भारत में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आईटी सर्विसेज को और सरल बनाया गया है और एआई डेटा सेंटर्स के जरिए भारत को एआई का बड़ा वैश्विक हब बनाया जाएगा।

बजट में केरल को अहमियत नहीं मिलने से शशि थरूर नाराज

budget speech : कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि वित्त मंत्री के भाषण में एक बेचैन करने वाली पुरानी बात महसूस हो रही है। केरल एक ऐसा राज्य है, जो देश के फॉरेक्स रिजर्व, स्किल्ड वर्कफोर्स और सॉफ्ट पावर में बड़ा योगदान देता है। इसके बावजूद केंद्र के फाइनेंशियल विजन में पूरी तरह से गायब लगता है। चुनावी साल में “अदृश्य केरल का बजट” अपने आप में एक संदेश है।”

budget speech : हेल्थ रिसर्च का बजट 24% बढ़ा

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के डायरेक्टर जनरल राजीव बहल ने इस बजट की तारीफ की। उन्होंने कहा, “बजट में मुख्य रूप से फार्मास्यूटिकल सेक्टर, हेल्थकेयर और दवा बनाने पर फोकस किया गया है, ये सभी बहुत जरूरी हैं। हेल्थ रिसर्च डिपार्टमेंट के लिए अलॉटमेंट 3,100 करोड़ रुपये से बढ़कर 4,820 करोड़ रुपये हो गया है, जो 24% की बढ़ोतरी है, जो बहुत जरूरी है।”

budget speech : राहुल गांधी ने बजट पर निराशा जाहिर की

राहुल गांधी ने बजट के बाद कहा कि युवाओं के पास नौकरी नहीं है। मैन्युफैक्चरिंग में गिरावट हो रही है। निवेशक भारतीय बाजार से अपनी पूंजी निकाल रहे हैं। घरेलू बचत में भारी गिरावट आई है। किसान मुश्किल में हैं और वैश्विक चुनौतियां आ रही हैं, लेकिन बजट इन सब चीजों से अनजान है। यह एक ऐसा बजट है, जो रास्ता बदलने से मना करता है। यह भारत की असली परेशानियों से अनजान है।

budget speech : राहुल गांधी की आलोचना पर वित्त मंत्री ने दिया जवाब

राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा था कि इस बजट में भारत की समस्याओं को नजरअंदाज किया गया है। किसानों, युवाओं और अन्य की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया है। इस पर जवाब देते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था और उसके फंडामेंटल्स मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच सरकार ने एमएसएमई, किसान, ग्रामीण क्षेत्र, महिला और सेल्फ-हेल्प उद्यमियों के लिए कई योजनाएं लागू की हैं, ताकि आम लोगों को किसी भी बाहरी अस्थिरता का नुकसान न हो। वित्त मंत्री ने कहा कि राजनीतिक आलोचना करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन यदि तथ्यात्मक आधार पर सवाल होंगे तो सरकार उनका जवाब देने को पूरी तरह तैयार है।

budget speech : ये विकसित भारत की नींव रखने वाला बजट- शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बजट 2026 पर कहा कि आज का बजट ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है। ये बजट विकसित भारत का निर्माण करने वाला बजट है। ये बजट 2047 के आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए मजबूत नींव रखने वाला बजट है जिसमें रिफॉर्म पर जोर दिया गया है। बजट में गांव, गरीब, किसान, युवा और महिला सबकी चिंता की गई है।

budget speech : ममता बनर्जी ने बजट को बताया दिशाहीन

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बजट की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि स्टॉक मार्केट गिर गया है। सेंसेक्स 1000 पॉइंट्स गिर गया है। यह हम्प्टी डम्प्टी बजट है। बिना दिशा वाला बजट है। वो जान गया है कि पश्चिम बंगाल में वोट नहीं मिलेगा, इसीलिए  बंगाल को वंचित किया गया।

budget speech : ये बहुत क्रांतिकारी बजट है: रामदास अठावले

केंद्रीय बजट 2026 पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, ‘ये बहुत क्रांतिकारी बजट है। देश को सुंदर बनाने वाला बजट है। देश के हर वर्ग पर ध्यान दिया गया है। व्यापारी, उद्योगपति और मजदूरों पर ध्यान दिया गया है। ये सामाजिक न्याय के साथ-साथ आर्थिक न्याय देने वाले बजट है।’


Read More : बजट 2026: कर्तव्य भवन से विकास का संदेश; युवा-समावेशी बजट; आर्थिक वृद्धि, जनआकांक्षाएं और सामाजिक न्याय को मिली प्राथमिकता

#छत्तीसगढ,#मध्यप्रदेश#महाराष्ट्र,#उत्तर प्रदेश,#बिहार