रायपुर।
रायपुर डिविजन इंश्योरेंस इंप्लोईज यूनियन का 50 वाँ स्वर्ण जयंती अधिवेशन 26 से 28 फरवरी 2022 को राजधानी रायपुर के दूधा धारी सत्संग भवन में आयोजित हो रहा है। बीमाकर्मियो के मंडलीय संगठन के 50 वर्ष पूर्ण होने पर व्यापक उत्साह के मध्य जोर शोर से अधिवेशन की तैयारियाँ जारी है। संगठन के महासचिव काम. सुरेंद्र शर्मा ने जानकारी दी है कि इसमें बीमाकर्मी यूनियन के राष्ट्रीय व क्षेत्रीय स्तर के नेताओ सहित समूचे रायपुर मंडल के बीमाकर्मी शिरकत करेंगे। विशेष रूप से केंद्र सरकार द्वारा एल आई सी का आई पी ओ जारी करने हेतु हो रही कार्यवाही के विरोध में जनांदोलन तीव्र करने यह सम्मेलन महत्वपूर्ण निर्णय लेगा। इस अधिवेशन के मुख्य अतिथि आल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन के अध्यक्ष काम वी रमेश होंगे। इसका उद्घाटन ए आई आई ई ए के महासचिव काम श्रीकांत मिश्रा करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप मे ए आई आई ई ए के कोषाध्यक्ष काम. बी. एस. रवि, सी जेड आई ई ए के महासचिव काम. धर्मराज महापात्र, ए आई आई ई ए के उपाध्यक्ष काम. बी. सान्याल, सी जेड आई ई ए के अध्यक्ष काम. एन. चक्रवर्ती एवं क्षेत्रीय महिला संयोजिका काम. उषा परगनिहा उपस्थित रहेगी। अधिवेशन के प्रथम दिन 26 फरवरी को दोपहर 1 बजे एल आई सी के आई पी ओ के खिलाफ परिक्रमा रैली निकाली जायेगी।
इसी दिन दोपहर 2 बजे खुला सत्र एवं आमसभा संपन्न होगी। रात्रि 7 बजे से बीमा कर्मियों व उनके परिजनों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रखी गई है। सम्मेलन के पूर्व 2 संघर्ष जत्थे दंते वाडा एवं राजनांदगांव से निकाले गये है। ये जत्थे रायपुर मंडल के समस्त क्षेत्र में एल आई सी के आई पी ओ एवं सार्वजनिक उद्योगों के निजीकरण के विरोध में नुक्कड़ सभाये कर पर्चा वितरण करेंगे। जत्थो के मध्यम से 10000 से अधिक पर्चे वितरण कर एल आई सी के निजीकरण के खिलाफ व्यापक प्रचार अभियान के माध्यम से आम जनता को लामबंद किया जायेगा। जारी विज्ञप्ति में जानकारी दी गई है कि 50 वे अधिवेशन के लिये सम्मेलन स्थल का नामकरण काम. क्लेमेंट जेवियर दास के नाम पर किया गया है। सम्मेलन स्थल का मंच काम. लखन यदु व काम. विजय पाटिल की स्मृति को समर्पित रहेगा। आर डी आई ई यू द्वारा 26 फरवरी को दोपहर 2 बजे अधिवेशन के खुले सत्र में रायपुर के समस्त मेहनतकशों व बुद्धिजीवियों को आमंत्रित किया गया है।