भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर तहसील के ग्राम खिस्टोन में असमय वर्षा और ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का मुआयना किया। प्रभावित फसलों को देखने मुख्यमंत्री चौहान खेतों में पहुँचे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बाहर से फसलें हरी दिखती हैं पर खेत में अंदर जाकर देखो तो कुछ नहीं बचा है। प्रदेश में पृथ्वीपुर सहित जहाँ-जहाँ भी फसलों को नुकसान पहुँचा है, उसकी भरपाई की जायेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि किसानों को शीघ्रता से राहत राशि का भुगतान करायें।
मुख्यमंत्री चौहान ने खेतों में फसल का जायजा लेने के बाद किसानों से चर्चा भी की। उन्होंने कहा कि, “घबराना मत, मुसीबत का मिलकर मुकाबला करेंगे। आँख में आंसू मत लाना। सभी संकट से बाहर निकाल लूँगा। जहाँ-जहाँ भी ओलावृष्टि से नुकसान हुआ है उसकी भरपाई सरकार करेगी। यदि फसल का 50 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है, तो 30 हजार रूपये प्रति हेक्टेयर राहत राशि दी जायेगी। फसल बीमा का लाभ अलग से मिलेगा। साथ ही अल्पकालीन ऋण की वसूली स्थगित की जायेगी और अल्पकालीन फसल ऋण को मध्यकालीन ऋण में बदला जायेगा।”
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जनहानि के लिये 4 लाख, गाय-भैंस की मृत्यु पर 30 हजार रूपये और छोटे पशुओं बछड़ा-बछड़ी, बकरा-बकरी तथा मुर्गा-मुर्गी के लिये भी राहत राशि दी जायेगी। यदि मकानों को क्षति हुई है, खपरेल को नुकसान पहुँचा है, तो इसके लिये भी मुआवजा राशि दी जायेगी।
मुख्यमंत्री चौहान ग्राम खिस्टोन में ओलावृष्टि से प्रभावित खेत के भ्रमण के दौरान पीड़ित महिला किसान को 50 हजार रूपये की राशि शीघ्रता से भुगतान करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। मुख्यमंत्री चौहान ने मड़िया हल्का के मबई ग्राम की महिला किसान श्रीमती मक्खन बाई रजक से कहा कि चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, आपका भाई मुख्यमंत्री है। उन्होंने अधिकारियों को मक्खन बाई को 50 हजार रूपये सहायता राशि देने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री चौहान ने शुक्रवार को अशोकनगर जिले की तहसील मुंगावली के ग्राम बजावन में प्रभावित फसलों का निरीक्षण कर रहे थे। किसानों से संवाद करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में किसानों के दुख दर्द में शामिल होने के लिए ग्राम बजावन में आया हूँ। मैं किसानों की परेशानी को भली भांति जानता हूँ। किसान अपने पसीने से फसलों को सींचता है, तभी अन्न का दाना मिल पाता है। इसी बीच यदि फसलों पर प्राकृतिक आपदा का कहर बरसता है तो फसलें चौपट हो जाती हैं। इससे किसानों के सपने चकनाचूर हो जाते हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि फसलों को जो नुकसान पहुँचा है, उसकी भरपाई राहत राशि तथा बीमा राशि दिलाकर पूरी की जाएगी। उन्होंने कमिश्नर एवं कलेक्टर को निर्देश दिये कि फसलों के नुकसान के सर्वे का कार्य 18 जनवरी तक पूर्ण कराया जाए। सर्वे का कार्य पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ हो। सर्वे उपरांत सूची पंचायतों में लगाई जाए, जिससे संबंधित किसान भी अवगत हो सकें। यदि किसी को आपत्ति हो तो उसका निराकरण किया जा सके।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जिन किसानों का 50 प्रतिशत से ज्यादा नुकसान हुआ है, उन किसानों को 30 हजार रूपये प्रति हेक्टेयर राहत राशि दिलाई जाएगी। साथ ही फसल बीमा में फसलों को नुकसान हुआ है उसमें 25 प्रतिशत एडवांस राशि तथा शेष 75 प्रतिशत राशि फसल आकलन के उपरांत दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मैंने स्वयं खेतों में जाकर फसल नुकसानी का जायजा लिया है।
हजारीलाल की गेहूँ की फसल का लिया जायजा
मुख्यमंत्री चौहान ने कृषक हजारीलाल के खेत में गेहूँ की फसल का अवलोकन किया। कृषक हजारीलाल ने बताया कि ओलावृष्टि से फसल को काफी नुकसान हुआ है। साथ ही मेरी बेटी की शादी अगले माह होना तय हुई है। मैं बहुत परेशान हूँ। इस पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पीड़ित कृषक को दिलासा दिलाते हुए कहा कि बिटिया की शादी है तो उसका भी इंतजाम हम करवाएंगे, जिससे बेटी की शादी में कोई दिक्कत न आए। इसकी बिल्कुल भी चिंता न करें।
राजकुमारी बाई को बँधाया ढांढस
मुख्यमंत्री चौहान ने कृषक राजकुमारी बाई के खेत में पहुँचकर सरसों की फसल के नुकसानी का जायजा लिया। फसल नुकसान से दुखी कृषक राजकुमारी बाई को मुख्यमंत्री ने ढांढस बधाते हुए अपने कंधे से लगाकर भरोसा दिलाया कि जो नुकसान हुआ है उसकी भरपाई की जाएगी। ग्रामीणों से कहा कि कोविड-19 की तीसरी लहर के संकट को देखते हुए गाँव में सभी का टीकाकरण करवायें और मास्क लगाकर रहें। कोविड की तीसरी लहर आ गई है, उससे भी हम सभी को बचाव एवं सावधानी बरतना जरूरी है। सभी ग्रामीणजन कोविड अनुकूल व्यवहार एवं गाईडलाईन का पालन करें।
ऊर्जा एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री बृजेंद्र सिंह यादव, सांसद डॉ. के.पी. यादव, अशोकनगर विधायक जजपाल सिंह जज्जी,विधायक हरिशंकर खटीक, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण उपाध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव, कमिश्नर आशीष सक्सेना, कलेक्टर श्रीमती आर. उमामहेश्वरी, पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदोरिया,अनिल जैन, शिशुपाल सिंह यादव,अखिलेश अयाची अन्य जन-प्रतिनिधि, संभागायुक्त मुकेश कुमार शुक्ला, आईजी अनिल शर्मा सहित संबंधित अधिकारी जन-प्रतिनिधि तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे।















