खुद पर फायरिंग करवाने वाला मुनव्वर राना का बेटा गिरफ्तार

    लखनऊ

मशहूर शायर मुनव्वर राना की मुश्किलें अभी थमने का नाम नहीं ले रही थीं कि अब उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिए जाने की खबर आ रही है. जानकारी के मुताबिक अपने ऊपर फायरिंग करवाने के संबंध में थाना कोतवाली, रायबरेली में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 364/21 से संबंधित वांछित अभियुक्त तबरेज राना को गिरफ्तार किया गया है.  

जानकारी के मुताबिक तबरेज को लखनऊ वाले घर से गिरफ्तार किया गया है. रायबरेली पुलिस ने तबरेज को लखनऊ के लालकुआं से गिरफ्तार किया है. बता दें कि तबरेज पर खुद पर फायरिंग करवाने का आरोप है.

पुलिस ने ऐसे किया था खुलासा

मुनव्वर राना का परिवार पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध कर रहा था. लेकिन इसके कुछ ही घंटे बाद रायबरेली पुलिस ने तबरेज राना पर हुए हमले का खुलासा कर दिया. खुलासा भी चौंकाने वाला था. रायबरेली पुलिस ने बताया कि मुनव्वर राना के बेटे तबरेज पर 28 जून को रायबरेली शहर कोतवाली इलाके में शाम 5:30 बजे फायरिंग हुई थी.

इस घटना में शामिल 2 शूटर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार किए गए हलीम, सुल्तान, सत्येंद्र तिवारी और शुभम सरकार ने पूछताछ में कुबूल किया है कि ये गोलीकांड खुद तबरेज राना ने कराया था.

 
सीसीटीवी में शूटर्स के साथ नजर आया था तबरेज

रायबरेली के पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया था कि सीसीटीवी में पूरा मामला कैद हुआ है कि कैसे तबरेज रायबरेली के पेट्रोल पंप पर पहुंचता है, गाड़ी पेट्रोल पंप के बाहर ही खड़ा करता है. खुद भी गाड़ी में बैठा रहता है. कुछ देर बाद 2-3 शूटर वहां पहुंचते हैं. गाड़ी का मुआयना कर पेट्रोल पंप के गेट पर फायरिंग करते हैं और वहां से भाग जाते हैं.