दोनों टीके लगवा चुके भारतीयों को सऊदी अरब ने दी बड़ी राहत, एंट्री पर अब कोई रोक नहीं

 नई दिल्ली 
सऊदी अरब लौटने की योजना बना रहे भारतीयों के लिए राहत भरी ख़बर है। अधिकारियों ने बताया है कि भारतीयों को अब कुछ मानदंडों के तहत किसी तीसरे देश में क्वारंटाइन में रहने को नहीं कहा जाएगा। सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने एक ट्वीट कर बताया, 'सऊदी अधिकारियों ने घोषणा की है कि सऊदी अरब में वैक्सीन की दोनों डोज़ ले चुके भारतीय नागरिक को किसी तीसरे देश में क्वारंटाइन रहने की ज़रूरत नहीं है। भारतीय नागरिक सीधे सऊदी अरब आ सकते हैं।'

सऊदी अरब में भारतीय राजदूत डॉ औसाफ सईद ने मीडिया से बात करते हुए बताया है कि कहा कि हमें एक सर्कुलर मिला है। इसमें बताया गया है कि केवल वे यात्री जिन्होंने सऊदी अरब छोड़ने से पहले कोरोना वायरस वैक्सीन की दोनों डोज़ ली है, उन्हें ही एंट्री की इजाजत दी जाएगी।

कोरोना वायरस की गंभीर स्थिति को देखते हुए सऊदी अरब ने कुछ दिनों पहले भारत सहित दुनिया के कई देशों से यात्रियों के आने पर पाबंदी लगा दी थी। मई में, सऊदी अरब ने 11 देशों से आने वाले लोगों पर लगाए गए यात्रा प्रतिबंध को हटा लिया था। हालांकि, भारत और पाकिस्तान सहित नौ देशों के लिए प्रतिबंध जारी था। 24 अगस्त को संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों ने पिछले 14 दिनों में भारत से आने वाले यात्रियों के लिए वीजा-ऑन-अराइवल की सुविधा को अस्थायी तौर पर सप्सेंड कर दिया है।