हम मंत्रिमंडल बनाते हैं, UP में सीटें भी लेंगे, अपने सिंबल पर लड़ेंगे भी: संजय निषाद

लखनऊ
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। हर दल अपनी राजनीतिक बिसात बिछाने में जुटा हुआ है। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने दो दिन पहले ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। बीजेपी अब उनकी अहमियत को समझने लगी है और निषाद पार्टी को भी लग रहा है कि अपनी मांगे मनवाने का यही सही मौसम है। निषाद ने साफतौर पर कहा कि बिना पॉवर के पालिटिक्स नहीं हो सकती है। बीजेपी को लगेगा कि हमें मंत्रिमंडल में शामिल करने से फायदा है तो शामिल करेंगे। हम मंत्रिमंडल बनाने वाले लोग हैं हम तो पॉवर भी लेंगे और विधानसभा की सीटें भी। संजय निषाद ने वन इंडिया डॉट काम से एक्सक्लूसिव बातचीत के दौरान यह बातें कही। संजय ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हमने पूर्वांचल, पश्चिमी उप्र और बुंदेलखंड में सीटों के लिए दावा किया है। हमें विधानसभा की सीटें चाहिए। बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के साथ अगली बैठक जल्द होने वाली है और उसमें यह भी तय हो जाएगा कि यूपी में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना है। 

संजय निषाद से यह पूछे जाने पर कि कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, उन्होंने कहा, '' अभी सीटों का कोई फीगर तय नहीं हुआ है लेकिन हम उतनी सीटों की डिमांड कर रहे हैं जितनी हम जीत सकते हैं। बीजेपी को लगेगा कि वो सीटें हमें मिलनी चाहिए तो वो हमें देंगे। अगली बैठक में सीटों को लेकर भी तय हो जाएगा। समाज की लड़ाई लड़ने के लिए हम आगे बढ़ रहे हैं और इसके राजनीतिक ताकत की जरुरत तो रहती ही है।'' कुछ सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवार हमारे सिंबल पर लड़ेंगे निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह तय है कि यूपी के विधानसभा चुनाव में हम अपने सिंबल पर ही चुनाव लड़ेंगे। हां यह जरुर है कि जरूरत के अनुसार कुछ सीटों पर हमारे उम्मीदवार सिंबल पर लड़ेंगे जहां जरूरी होगा बीजेपी का उम्मीदवार भी हमारे सिंबल पर चुनाव लड़ेगा। जहां हमारा उम्मीदवार कमजेार होगा और बीजेपी का सशक्त होगा वहां उनका उमीदवार हमारे सिंबल पर चुनाव लड़ेगा।