भोपाल
राजधानी में लंबे इंतजार के बाद आज सुबह जब शहर के सिनेमाघर खुले तो दर्शकों का टोटा नजर आया। वैसे भी सिनेमाघरों को आधी क्षमता के साथ खोला गया है। शहर में अल्पना, संगम, भारत, राज, ज्योति और रंगमहल सिनेमाघर में नई मूवी बेल बॉटम लगी है। कोरोना काल के दौरान नई फिल्मों का रिलीज होना भी बंद हो गया था। अब सभी संचालकों को गाइडलाइन के अनुसार सभी संचालकों को शर्तोें का पालन करना होगा। क्षमता से आधे दर्शक ही हॉल में बिठाने की परमीशन है।
राजधानी में चलने वाले सिनेमाघर पहले से ही काफी घाटे में चल रहे हैं। संचालकों की मांग है कि सरकार को टैक्स और बिजली के बिल में रियायत देनी चाहिए। सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स को सरकार ने 15 जुलाई को ही अनलॉक कर दिया था। अप्रैल 21 से यह लॉक हो गए थे। इन्हें खोलने के साथ सरकार ने दर्शकों की संख्या क्षमता से आधा कर दिया है। 15 जुलाई के बाद भोपाल के दो सिनेमाघर ही खुले थे, लेकिन उनमें पुरानी फिल्में ही लगाई जा रही है आज से नई फिल्म लगी है।
संचालकों का मानना है कि शुरूआती दिनों में कम दर्शक मिल सकते हैं, लेकिन बेल बॉटम के बाद लगातार नई मूवी रिलीज होगी। इस कारण अच्छे दर्शक मिलेंगे। मध्य प्रदेश फिल्म एसोसिएशन के सचिव सैयद अजीजुद्दीन के अनुसार अक्षय कुमार की बेल बॉटम की रिलीज होने के बाद यह भोपाल के 6 सिनेमाघर-मल्टीप्लेक्स में लगाई गयी हैं। बेल बॉटम के बाद चेहरे और फास्ट एंड फ्यूरियस-9 जैसी नई मूवी भी रिलीज होगी।














