भोपाल
प्रदेश में 75वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालयों पर विधानसभा अध्यक्ष और मंत्रि-परिषद के सदस्यों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और आकर्षक संयुक्त परेड की सलामी ली।
रीवा – जिला मुख्यालय पर एसएएफ ग्राउंड में विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने संयुक्त परेड की सलामी ली। इस मौके पर पुलिस बल द्वारा हर्ष फायर करके राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय एकता और देश प्रेम का संदेश देने के लिये रंगीन गुब्बारों को खुले आकाश में छोड़ा। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
इंदौर – जिले में राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस पूर्ण गरिमा, जोश, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महेश गार्ड लाइन स्थित सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के मैदान में गृह, जेल, संसदीय कार्य एवं विधि मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। गृह मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। परेड में विभिन्न बलों के 8 दलों ने भाग लिया। इसके बाद पुलिस बैंड ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीतों की संगीतमयी प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि ने परेड में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले दलों को पुरस्कृत किया।
जबलपुर – जिले में 75वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और उत्साह से मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पं. रविशंकर शुक्ल स्टेडियम भव्य एवं गरिमामय समारोह में लोक निर्माण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री गोपाल भार्गव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। नागरिकों की उपस्थिति के बीच मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया। इस मौके पर सशस्त्र बलों द्वारा हर्ष फायर किये गये। पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुन बजाई। मंत्री भार्गव ने विशिष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया।
ग्वालियर – जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय के एसएएफ मैदान पर आयोजित मुख्य समारोह में जल संसाधन, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास मंत्री तुलसीराम सिलावट ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय समारोह में सीमा सुरक्षा बल के श्वान दस्ते द्वारा किये गये हैरतअंगेज करतबों ने सभी को प्रभावित किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने शांति के प्रतीक गुब्बारे खुले आकाश में छोड़े।
सतना – जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह में वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। उन्होंने शांति और समृद्धि के प्रतीक गुब्बारे भी आकाश में छोड़े। वन मंत्री ने 48 दिव्यांगजनों को ट्रायसाइकिल वितरित की।
उज्जैन – वाणिज्यिक कर, वित्त, योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री जगदीश देवड़ा ने उज्जैन जिला मुख्यालय के दशहरा मैदान में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री के संदेश वाचन के बाद आकर्षक मार्च पास्ट निकाला गया। इस मौके पर प्रतिभा संगीत कला अकादमी की बालिकाओं ने वंदे मातरम् गीत पर आकर्षक समूह नृत्य की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि देवड़ा ने श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। मंत्री देवड़ा ने सांस्कृतिक दलों को अपनी ओर से 11-11 हजार के पुरस्कार भी प्रदान किये।
मण्डला – जिला मुख्यालय के स्टेडियम में आयोजित 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद तिरंगे को सलामी दी गई एवं राष्ट्र गान गाया गया। इस मौके पर मध्यप्रदेश गान की भी प्रस्तुति हुई। मुख्य समारोह में आदिवासी लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियाँ दी गई।
देवास – जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह में खेल एवं युवा कल्याण, तकनीकी शिक्षा कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। आकर्षक परेड में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली सीआईएसएफ को प्रथम पुरस्कार दिया गया। मुख्य समारोह में मंत्री श्रीमती सिंधिया ने रंग-बिरंगे गुब्बारे खुले आकाश में छोड़े।
सागर – जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर पीटीसी ग्राउंड पर स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह हुआ। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने उपस्थित नागरिकों के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि ने देश की प्रगति के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी को पुरस्कृत भी किया गया।
सीधी – सीधी जिला मुख्यालय पर 75वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री सुमीना सिंह मांडवे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। आकर्षक परेड की सलामी ली। उन्होंने नागरिकों को मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया। जनजातीय कार्य मंत्री ने जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किये।
छिंदवाड़ा – जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउंड में किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन किया। मुख्य अतिथि ने समाज सेवा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों को सम्मानित किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने नीले आकाश में शांति के प्रतीक गुब्बारे छोड़े गये।
दमोह – जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिला मुख्यालय के तहसील ग्राउंड पर आयोजित मुख्य समारोह में राजस्व, परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मंत्री राजपूत ने खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया। सशस्त्र बलों की टुकड़ियों ने तीन चक्रों में हर्ष फायर किये। परिवहन मंत्री ने इस मौके पर मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया।
होशंगाबाद – जिला मुख्यालय पर मुख्य अतिथि खनिज साधन, श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन किया। मुख्य अतिथि ने कोविड कोरोना काल के दौरान श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने पुलिस परेड ग्राउंड में बादाम और अशोक के पौधे रोपकर पौधरोपण किया।
विदिशा – विदिशा जिला मुख्यालय पर आयोजित 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में चिकित्सा शिक्षा, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर आकर्षक परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री जी के जनता के नाम संदेश का वाचन किया। प्रारंभ में मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी को सम्मानित भी किया।
सीहोर – जिला मुख्यालय के पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउण्ड पर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन किया। इस मौके पर हर्ष फायर कर खुले आकाश में रंगीन गुब्बारे छोड़े गये तथा मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी गई। मंत्री डॉ. चौधरी ने स्वतंत्रता दिवस पर जल शक्ति मिशन के प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
गुना – ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जिला मुख्यालय स्थित लाल परेड ग्राउण्ड में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। हर्ष फायर के साथ राष्ट्र गान का गायन किया गया। मुख्य अतिथि ने परेड ग्राउण्ड पर उपस्थित नागरिकों के बीच मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। ऊर्जा मंत्री ने वैक्सीनेशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया।
सिवनी – जिला मुख्यालय पर नागरिकों की उपस्थिति के बीच सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओम प्रकाश सकलेचा ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और आकर्षक परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में पुलिस बैंड ने लयबद्ध ध्वनि के साथ राष्ट्रगान का गायन किया। कार्यक्रम में कोविड रोकथाम में शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन करने वाली ग्राम पंचायतों की टीम को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
खण्डवा – जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउंड पर पर्यटन, संस्कृति, अध्यात्म मंत्री सुऊषा ठाकुर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। मंत्री सुठाकुर ने कोविड में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया।
रायसेन – जिला मुख्यालय के होमगार्ड ग्राउंड में 75वें स्वतंत्रता दिवस पर सहकारिता, लोक सेवा प्रबंधन मंत्री अरविंद भदौरिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। मंत्री डॉ. भदौरिया ने परेड का निरीक्षण किया और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। सहकारिता मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान कर शॉल-श्रीफल भेंट किया।
राजगढ़ – जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर पुलिस बल द्वारा हर्ष फायर किये गये। मुख्य अतिथि ने शांति के प्रतीक रंगीन गुब्बारे खुले आकाश में छोड़े। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने श्रेष्ठ मार्च पास्ट करने वाली टुकड़ियों को सम्मानित किया गया।
बालाघाट – जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउंड में 75वें स्वतंत्रता दिवस पर नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा, पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर जिला पुलिस बल, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, कोबरा बटालियन, हॉक फोर्स एवं होमगार्ड के जवानों द्वारा मार्च पास्ट किया गया। मुख्य अतिथि डंग एवं पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया।
अलीराजपुर – जिले में 75वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अलीराजपुर के खेल परिसर मैदान में औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह प्रेम सिंह दत्तीगांव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और आकर्षक परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि ने इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया।
मुरैना – जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउंड पर 75वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण (स्वतंत्र प्रभार), नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। मंत्री कुशवाह ने नागरिकों को मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया। मुख्य अतिथि ने शांति के प्रतीक गुब्बारे खुले आकाश में छोड़े। पुलिस बैंड ने राष्ट्रीय धुन बजाई। समारोह के प्रारंभ में मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति हुई। उद्यानिकी मंत्री ने खुली जीप में परेड की टुकड़ियों का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने कोरोना काल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।
झाबुआ – जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउंड में स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार), सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर परेड की सलामी और परेड का निरीक्षण किया। स्कूल शिक्षा मंत्री ने नागरिकों की उपस्थिति के बीच मुख्यमंत्री के संदेश का वचान किया। समारोह में आकर्षक आदिवासी नृत्य की प्रस्तुति दी गई। मुख्य अतिथि ने श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया।
शहडोल – जिला मुख्यालय के महात्मा गांधी स्टेडियम में 75वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह के साथ मनाया गया। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण (स्वतंत्र प्रभार), विमुक्त, घुम्मकड़ एवं अर्द्धघुम्मकड़ जनजातीय कल्याण (स्वतंत्र प्रभार), पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल ने नागरिकों की उपस्थिति के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। मंत्री पटेल ने अनेकता में एकता के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़ा। समारोह में सुरक्षा बल की टुकड़ियों ने हर्ष फायर कर राष्ट्रीय धुन बजाई। मंत्री पटेल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया।
उमरिया – जिला मुख्यालय परआयुष (स्वतंत्र प्रभार), जल संसाधन राज्य मंत्री राम किशोर (नानो) कांवरे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और आकर्षक परेड की सलामी ली। उन्होंने नागरिकों की उपस्थिति के बीच मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। इस मौके पर शांति के प्रतीक रंगीन गुब्बारे खुले आकाश में छोड़े गये।
शाजापुर – जिला मुख्यालय पर संपन्न हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री बृजेन्द्र सिंह यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर परेड की सलामी ली। परेड के बाद मुख्य अतिथि ने परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया। शांति के प्रतीक रंगीन गुब्बारे खुले आकाश में छोड़े गये। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। इस मौके पर राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर ख्याति प्राप्त खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत एवं सामुहिक पोल मलखम्ब का प्रदर्शन किया। राज्य मंत्री यादव ने श्रेष्ठ अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।
दतिया – लोक निर्माण राज्य मंत्री सुरेश धाकड़ ने दतिया जिला मुख्यालय में 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और आकर्षक परेड की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया।
रतलाम – जिले में 75वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह के माहौल में बनाया गया। जिला मुख्यालय पर नगरीय विकास तथा आवास राज्य मंत्री ओ.पी.एस. भदौरिया ने नागरिकों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। मंत्री भदौरिया जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी को सम्मानित किया।
इसी प्रकार जिला मुख्यालयों निवाड़ी, हरदा, नरसिंहपुर, कटनी, आगर-मालवा, अनूपपुर, खरगोन, भिण्ड, सिंगरौली, टीकमगढ़, धार, अशोकनगर, छतरपुर, नीमच, डिण्डोरी, बड़वानी, मंदसौर, श्योपुर, बैतूल, पन्ना, शिवपुरी और बुरहानपुर में जिलों के कलेक्टर ने ध्वजारोहण किया।