हर घड़ी, सरकार है आपके साथ खड़ी – डॉ. मिश्रा

भोपाल
 प्रदेश सरकार जनता के साथ हर समय खड़ी है। दुख की हर घड़ी में जनता हर समय सरकार को अपने साथ खड़ा पाएगी। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा आकाशीय बिजली के गिरने से प्रभावित होने वाले 3 परिवारों को ढाढ़स बंधाने के साथ ही आर्थिक सहायता के रूप में चार-चार लाख रुपए के चेक प्रदान करते हुए यह बात कही।

डॉ. मिश्रा ने रविवार को दतिया जिले के ग्राम सनौरा में पीड़ित परिवारों के घर जाकर उन्हें सांत्वना दी। गत दिनों आकाशीय बिजली गिरने से गोविन्द सिंह की पुत्री कु. प्रियंका और विनोद की पुत्री कु. प्रतीक्षा की आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। मंत्री डॉ. मिश्रा ने मृतक बालिकाओं के पिताओं को चार-चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता प्रदाय की।

 डॉ. मिश्रा ने शनिवार को ग्राम निवरी पहुँचकर धनीराम को भी चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि  का चेक प्रदान किया। उन्होंने अनुसूचित जनजाति के धनीराम को आश्वस्त किया कि किसी प्रकार की परेशानी होने पर उन्हें नि:संकोच होकर अवगत कराएं। उल्लेखनीय है कि धनीराम की 13 वर्षीय पुत्री कुमारी पुष्पा की भी आकाशीय बिजली गिरने से आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। डॉ. मिश्रा ने पीड़ित परिवार के घर पहुँचकर शोक-संवेदना व्यक्त की।