हर बीमारी से लड़कर 85 दिनों बाद घर लौटा मुंबई का यह शख्स

मुंबई
देश में कोरोना महामारी के बीच ब्लैक फंगस जैसी बीमारियों ने भी कम तबाही नहीं मचाई है। कई कोरोना मरीजों ने ऑर्गन फेल्योर के कारण भी जान गंवाई है लेकिन एक कोरोना मरीज ऐसा भी है जिसने इन सभी बीमारियों से जंग लड़ी और 85 दिनों बाद अब अस्पताल से छुट्टी पाकर वापस घर लौटा है। मुंबई के रहने वाले यह शख्स हीरानंदानी अस्पताल में भर्ती थे।

खबर के मुताबिक, 54 वर्षीय भारत पांचाल करीब तीन महीने बाद अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं। इसी साल आठ अप्रैल को उन्हें बुखार आया था। इससे दो हफ्ते पहले ही उन्होंने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली थी। बुखार के चार दिनों बाद ही उन्हें फेफड़ों में दिक्कत महसूस हुई और करीब एक सप्ताह के भीतर उन्हें वेंटिलेशन सपोर्ट पर डालना पड़ा। 

कोविड संक्रमण की गंभीरता बताने वाली सीटी वैल्यू भी इस दौरान 25 से 21 पर पहुंच गई। जल्द ही पांचाल को शरीर के दूसरे अंगों में भी समस्याएं महसूस होने लगी और उनकी हालत दिन-ब-दिन बदतर हो रही थी। उनकी किडनी में गंभीर समस्या आई, लिवर ने काम करना बंद कर दिया, फेफड़े प्रभावित हुए और यहां तक कि वह ब्लैक फंगस तक का शिकार हो गए।