‘फेसबुक लवर’ के लिए महिला ने अपने नवजात बच्चे की ली जान

हंसी-मजाक के लिए लोग अक्सर कुछ न कुछ प्रैंक करते रहते हैं। लेकिन कभी-कभी यह प्रैंक इतना भारी पड़ जाता है कि इसकी कीमत जान देकर चुकानी पड़ती है। एक ऐसा ही मामला केरल में सामने आया है। यहां एक महिला के प्रैंक के चलते नवजात बच्चे और दो अन्य महिला रिश्तेदारों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। इस घटना को पढ़कर आपको भी लगेगा किसी थ्रिलर फिल्म की ​कहानी पढ़ रहे हैं।

ऐसे शुरू हुई कहानी
एक वेबसाइट की खबर के मुताबिक इस मामले की शुरुआत हुई इस साल जनवरी से, जब केरल के कोल्लम जिले में एक नवजात शिशु पत्तियों के ढेर में पाया गया। बाद में इलाज के दौरान हॉस्पिटल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला उसी जिले के कलुवाथुक्कुल गांव की रेशमा उस बच्चे की मां थी। पुलिस ने जून में रेशमा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि रेशमा ने अनाडु नाम के फेसबुक फ्रेंड के साथ भागने के लिए बच्चे को छोड़ दिया था, जिसे वह कभी मिली ही नहीं थी। पुलिस के मुताबिक रेशमा ने बताया कि उसने न तो पति और न ही अन्य रिश्तेदारों को अपनी प्रेगनेंसी के बारे में बताया था। जांच के दौरान रेशमा के फेसबुक ब्वॉयफ्रेंड के बारे में और जानकारी जुटाने के लिए पुलिस ने उसकी ननद आर्या और और उसकी भतीजी ​ग्रीश्मा को बुलाया। असल में रेशमा ने कई फेसबुक अकाउंट्स बना रखे थे। इनमें से एक अकाउंट को चलाने के लिए वह जिस सिम का यूज कर रही थी, वह आर्या के नाम पर था। हालांकि अभी पुलिस मामले में किसी नतीजे तक पहुंचती, उसके पहले ही आर्या और ग्रीश्मा ने नदी में कूदकर सुसाइड कर लिया। इस घटना ने मामले को और पेचीदा बना दिया।

ऐसे खुला राज
इस घटना के बाद पुलिस ने ग्रीश्मा के एक बॉयफ्रेंड को पूछताछ के लिए उठाया। एक सीनियर पुलिस अफसर के मुताबिक ग्रीश्मा के ब्वॉयफ्रेंड ने खुलासा किया, उसे जानकर हर कोई हैरान रह गया। उसने पुलिस को बताया था कि ग्रीश्मा और आर्या ने मिलकर रेशमा के साथ प्रैंक प्लान किया था। उन दोनों ने फेसबुक पर अनाडु नाम से एक प्रोफाइल बनाई और रेशमा के साथ प्यार-मोहब्बत की बातें करने लगीं। ग्रीश्मा के ब्वॉयफ्रेंड के मुताबिक उसने यह बात खुद बताई थी। पुलिस का यह भी कहना है ​कि आर्या ने सुसाइड से पहले अपनी सास को प्रैंक वाली बात बताई थी। इस बीच रेशमा का विदेश में रहने वाला पति उसकी गिरफ्तारी की के बारे में सुनकर वापस आ चुका है। मीडिया के साथ बातचीत में उसने कहा कि अगर उसे यह बात किसी ने बताई होती तो वह यह सब रोक सकता था। फिलहाल रेशमा ज्यूडिशियल कस्टडी में है। रेशमा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है इसलिए उसे क्वारंटाइन किया गया है।