बड़ी परीक्षा, खत्म हो सकता है 12 साल का नेतन्याहू शासन 

 यरूशलम 
इजराइल की संसद नई सरकार पर रविवार को मतदान करने के लिए पूरी तरह तैयार है, जिसके बाद 12 वर्षों तक बिना किसी बाधा के सत्ता पर काबिज रहे प्रधानमंत्री बेंजमिन नेतन्याहू को शासन से बेदखल होना पड़ेगा। संभावित सरकार विभिन्न विचारधाराओं वाली राजनीतिक पार्टियों का अभूतपूर्व गठबंधन है जिसमें दक्षिणपंथी, वामपंथी और उदारवादी पार्टियों के साथ-साथ एक अरब पार्टी भी शामिल है और इस गठबंधन को महज एक सीट से बहुमत प्राप्त है।

इजराइली संसद- नेसेट स्थानीय समयानुसार चार बजे बैठेगी और अंतिम क्षण में कोई बड़ी घटना न हो तो, नेतन्याहू के पुराने करीबी रहे और दक्षिणपंथी यामिना पार्टी के नेता नफ्ताली बेनेट कभी अपने मार्गदर्शक रहे नेतन्याहू से पद ले लेंगे और 120 सदस्यीय सदन में 61 सांसदों के साथ मामूली बहुमत वाली सरकार का नेतृत्व करेंगे। नेसेट की मंजूरी के साथ ही 71 वर्षीय नेतन्याहू के निर्बाध रहे 12 साल के शासन पर विराम लग जाएगा, जिनके नाम देश के इतिहास में सबसे लंबे वक्त तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड है। साल 1996 से 1999 के बीच पहले भी पद पर कार्यरत रहने के कारण, पिछले साल नेतन्याहू ने उस रिकॉर्ड को तोड़ दिया था, जो इस यहूदी राज्य के संस्थापक नेताओं में से एक डेविड बेन गुरियोन के नाम था।