वैक्सीन लगवाने विकास उपाध्याय लोगों के हाथ पैर तक जोड़ रहे,पहुंच रहे हैं घर-घर

रायपुर। संसदीय सचिव व विधायक विकास उपाध्याय अपने विधानसभा क्षेत्र में घर घर पहुंच रहे हैं वैक्सीन लगवाने के लिए,इस बीच उन्हे कई खट्टे मीठे अनुभव का भी सामना करना पड़ा रहा है। लेकिन विकास भी अपने जिद से नहीं हट रहे हैं जरूरत पडने वे लोगों का हाथ पैर जोड़कर निवेदन तक कर रहे हैं।  इस बीच कांग्रेस ने -मेरा बूथ कोरोना मुक्त- अभियान शुरू किया है। विकास उपाध्याय आज खमतराई इलाके में सुबह से ही घूम रहे थे। इस दौरान उनको स्थानीय लोगों के कई प्रकार के सवालों का सामना करना पड़ा।

एक स्थानीय बुजुर्ग ने कहा, उन्होंने टीका लगवाया था। उसके बाद बुखार आ गया। वे 15 दिन बीमार रहे। उनकी पत्नी ने कहा, हम कामकाजी लोग हैं बीमार हो गए तो कैसे चलेगा। इसीलिए उन्होंने टीका नहीं लगवाया। विधायक विकास उपाध्याय ने घुटनों के बल बैठकर हाथ जोड़कर दंपती को समझाया कि टीका लगने के बाद कई लोगों को बुखार आ जाता है। यह सामान्य प्रक्रिया है। यह सबको नहीं होता।

विधायक ने खुद का और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तक का उदाहरण दिया। कहा, हम सबने टीका लगवाया है। परिवार में कई लोगों ने लगवाया है। कुछ को बुखार आया और कुछ लोगों को नहीं आया। इससे घबराने की कोई बात नहीं है। बहुत समझाने के बाद महिला टीका लगवाने को तैयार हुई। कुछ और घरों में विधायक को टीके को लेकर फैले भ्रम से जुड़े इसी तरह के सवालों का सामना करना पड़ा।

एक महिला ने कहा, वह एक बार गई थी लेकिन टीकाकरण बंद था। विधायक ने कहा, टीकाकरण केंद्र खुले हुए हैं। सभी को टीका लग रहा है। महिला का कहना था कि वह आपके कहने पर दोबारा जाएगी। विधायक विकास उपाध्याय सभी को व्यवस्था के प्रति आश्वस्त करते हुए टीका लगाने का आग्रह करते एक-एक घर तक गए। उन्होंने कहा, टीकाकरण ही कोरोना से बचने का एकमात्र उपाय है। सभी को टीकाकरण करवाना चाहिए। राज्य सरकार ने सभी के लिए नि:शुल्क टीकाकरण की व्यवस्था की है। विकास उपाध्याय पिछले एक सप्ताह से प्रतिदिन अपने विधानसभा क्षेत्र के एक-दो वार्डों में जागरूकता अभियान के लिए पहुंच रहे हैं।विधायक विकास उपाध्याय ने वार्ड में जागरूकता अभियान के तहत कोरोना से बचाव के निदेर्शों वाली एक बुकलेट भी घर-घर बांटी। विकास ने बताया, मेरा बूथ कोरोना मुक्त अभियान के तहत यह जागरूकता कार्यक्रम किया जा रहा है। लोगों से वैक्सीन लगवाने के लिए कहा जा रहा है। उसके अलावा एक बुकलेट भी बांटी जा रही है, जिसमें कोरोना के लक्षणों की पहचान और बचने के उपाय तक शामिल है।