मैथिल कोकिल महाकवि विद्यापति : प्रेम, भक्ति, श्रृंगार और लोक चेतना के अमर शिल्पी

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati
Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati

साहित्य: 22 नवम्बर: Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati: किसी कवि की अमरता केवल इतिहास में दर्ज उसके नाम से नहीं, बल्कि इस बात से तय होती है कि उसकी रचनाएं लोगों के जीवन में कितनी गहराई से रची-बसी हैं। महाकवि विद्यापति इस कसौटी पर खरे उतरने वाले विरले साहित्यकार हैं।

उनके गीत राजदरबारों से निकलकर गांवों के घर-आंगन तक पहुंचे और पीढ़ियों की जुबान पर बस गए। उनके पदों में राधा-कृष्ण के प्रेम की मधुरता, विरह की मार्मिक पीड़ा, भगवान शिव के प्रति सहज समर्पण और मिथिला के लोक जीवन, संस्कारों तथा मानवीय संवेदनाओं का जीवंत चित्रण मिलता है।

संस्कृत, अवहट्ट और मैथिली तीनों भाषाओं में लेखन करने वाले विद्यापति ने मैथिली को साहित्यिक प्रतिष्ठा दिलाई और मिथिला की सांस्कृतिक चेतना को व्यापक पहचान दी। वे केवल कवि नहीं, संस्कृत के प्रकांड विद्वान, चिंतक, इतिहास-बोध से संपन्न लेखक, धर्मशास्त्री और समाज के संवेदनशील अध्येता भी थे।

‘मैथिल कोकिल’ के नाम से प्रसिद्ध उनके पद आज भी मिथिला के घर-आंगन, विवाह-गीतों और संस्कारों, पूजा-अर्चना तथा लोकपरंपराओं में गूंजते हैं। उनकी रचनाएं केवल पढ़ी नहीं जातीं, बल्कि गाई और महसूस की जाती हैं तथा पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ती हैं।

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati: यही लोक स्वीकृति उनकी साधना की उपलब्धि और अमरता का सच्चा प्रमाण है। उनका साहित्य आज भी भारतीय साहित्य और संस्कृति की अमूल्य धरोहर है।

मिथिला की धरती पर जन्म और विद्वत परिवार की विरासत

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati: महाकवि विद्यापति ठाकुर का जन्म वर्तमान बिहार के मधुबनी जिले के बिस्फी गांव में एक प्रतिष्ठित मैथिल ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उनके जन्म और निधन की सटीक तिथियों को लेकर विद्वानों में मतभेद हैं।

सामान्यतः उनका जीवन काल चौदहवीं सदी के मध्य से पंद्रहवीं सदी के मध्य तक माना जाता है। कुछ साहित्यिक स्रोत उनका जन्म लगभग 1352 ईस्वी में बताते हैं। उनके पिता गणपति ठाकुर संस्कृत के विद्वान, शिवभक्त और राजदरबार से जुड़े व्यक्ति थे।

उनकी माता का नाम हांसिनी देवी बताया जाता है। परिवार में शास्त्र ज्ञान और विद्वता की परंपरा होने के कारण विद्यापति को बचपन से ही अध्ययन का अनुकूल वातावरण मिला।

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati: उन्होंने संस्कृत, प्राकृत, अपभ्रंश, अवहट्ट और मैथिली का गहन ज्ञान प्राप्त किया। उनकी असाधारण विद्वता ने ही उन्हें विद्यापति अर्थात विद्या का स्वामी जैसी पहचान दिलाई।

ओइनवार राजवंश और राजा शिव सिंह से आत्मीय संबंध

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati: विद्यापति का जीवन मिथिला के ओइनवार राजवंश के शासन काल से जुड़ा रहा। उन्होंने राजा कीर्ति सिंह, देव सिंह, शिव सिंह और पद्म सिंह सहित कई शासकों के समय में साहित्यिक और राजकीय कार्य किए। राजा शिव सिंह उनके प्रमुख आश्रयदाता होने के साथ घनिष्ठ मित्र भी थे। रानी लखिमा देवी से भी उनका आत्मीय संबंध था।

मान्यता है कि राजा शिव सिंह ने उनकी प्रतिभा से प्रभावित होकर उन्हें बिस्फी गांव ताम्रपत्र के माध्यम से दान में दिया था। दरबारी जीवन ने विद्यापति को राजनीति, शासन, कूटनीति और मानवीय व्यवहार को करीब से समझने का अवसर दिया।

राजा शिव सिंह के समय राजनीतिक संघर्ष और बाहरी आक्रमणों के कारण मिथिला में अस्थिरता भी रही। शिव सिंह के बाद बदली परिस्थितियों में विद्यापति ने बनौली और पद्मा जैसे स्थानों पर भी समय बिताया तथा बाद में अपने गांव लौटे।

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati: उनके जीवन के ये प्रसंग बताते हैं कि वे केवल कल्पना लोक में विचरण करने वाले कवि नहीं थे, बल्कि अपने समय की राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों के भी सजग साक्षी थे।

त्रिभाषी साहित्यकार : संस्कृत, अवहट्ट और मैथिली में योगदान

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati:  विद्यापति की सबसे बड़ी विशेषताओं में एक उनकी बहुभाषी प्रतिभा थी। उन्होंने संस्कृत, अवहट्ट और मैथिली में रचनाएं कीं। इन तीनों भाषाओं का प्रयोग उन्होंने अलग-अलग विषयों और पाठक वर्गों के लिए किया।

संस्कृत में धर्म, नीति, व्यवहार और सामाजिक व्यवस्था से जुड़े ग्रंथ लिखे, जबकि अवहट्ट में तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियों और राजदरबार का चित्रण किया। मैथिली में उन्होंने प्रेम, भक्ति और लोकजीवन को अभिव्यक्ति दी। उनकी प्रमुख रचनाओं में ‘पुरुष परीक्षा’, ‘कीर्तिलता’, ‘कीर्तिपताका’, ‘भूपरिक्रमा’, ‘लिखनावली’, ‘गंगावाक्यावली’, ‘दानवाक्यावली’, ‘विभागसार’ और ‘दुर्गाभक्तितरंगिणी’ शामिल हैं।

‘पुरुष परीक्षा’ में आदर्श मनुष्य के गुण, नैतिकता, विवेक और व्यवहार की चर्चा है। ‘कीर्तिलता’ में राजा कीर्ति सिंह के पराक्रम और तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियों का वर्णन मिलता है। ‘कीर्तिपताका’ भी अवहट्ट की महत्वपूर्ण रचना है।

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati:  ‘लिखनावली’ में पत्र-लेखन और व्यावहारिक संवाद की परंपरा से जुड़े निर्देश मिलते हैं। इन रचनाओं से स्पष्ट होता है कि विद्यापति का ज्ञान केवल कविता तक सीमित नहीं था। वे इतिहास, धर्म, नीति और सामाजिक जीवन के भी गंभीर अध्येता थे।

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati:  ‘देसिल बयना सब जन मिट्ठा’ : मातृभाषा का सम्मान

विद्यापति की प्रसिद्ध उक्ति ‘देसिल बयना सब जन मिट्ठा’ उनकी भाषा संबंधी सोच को स्पष्ट करती है। इसका भाव है कि अपनी देशज भाषा सभी लोगों को प्रिय और मीठी लगती है।

संस्कृत जैसी प्रतिष्ठित शास्त्रीय भाषा पर अधिकार होने के बावजूद उन्होंने मैथिली को अपनी रचनाओं का सशक्त माध्यम बनाया। उन्होंने साबित किया कि साहित्य की श्रेष्ठता केवल कठिन शब्दावली में नहीं, बल्कि आम लोगों के जीवन और भावनाओं को उनकी अपनी भाषा में व्यक्त करने में है।

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati:  उनकी मैथिली में लोक जीवन की आत्मीयता, संगीत की लय और भावों की सहजता है। यही कारण है कि उनके गीत साहित्यिक पाठ तक सीमित नहीं रहे, बल्कि जनसामान्य की सांस्कृतिक विरासत बन गए।

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati
Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati

पदावली : प्रेम, श्रृंगार और भक्ति का अद्भुत संगम

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati:  विद्यापति की सबसे लोकप्रिय साहित्यिक उपलब्धि उनकी मैथिली पदावली है। इसमें राधा-कृष्ण के प्रेम, मिलन, विरह, मान, अनुराग और प्रतीक्षा का अत्यंत संवेदनशील चित्रण मिलता है। उन्होंने राधा के मन की उलझन, संकोच, आकांक्षा, ईर्ष्या और प्रेम की बेचैनी को जिस स्वाभाविकता से अभिव्यक्त किया, वह उनकी काव्य प्रतिभा का प्रमाण है।

उनके यहां प्रेम केवल शारीरिक आकर्षण नहीं, बल्कि आत्मीयता और समर्पण की अनुभूति भी है। विद्यापति के काव्य को लेकर साहित्यिक जगत में श्रृंगार और भक्ति के संबंध पर लंबे समय से चर्चा होती रही है।

कुछ विद्वान उनके पदों में मानवीय प्रेम और सौंदर्य को प्रमुख मानते हैं, जबकि दूसरे उन्हें माधुर्य भक्ति की अभिव्यक्ति के रूप में देखते हैं।

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati: वास्तव में उनके साहित्य में दोनों भावों का सुंदर मेल है। राधा-कृष्ण के प्रेम गीतों के साथ शिव, शक्ति और गंगा की आराधना से जुड़े पद भी उनकी धार्मिक चेतना को सामने लाते हैं।

जब महाकवि विद्यापति के सेवक बन गए स्वयं भगवान शिव

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati:  महाकवि विद्यापति के जीवन से जुड़ी सबसे भावपूर्ण और लोकप्रिय लोक कथाओं में भगवान शिव का उगना नामक सेवक के रूप में उनके घर आने का प्रसंग विशेष स्थान रखता है।

मिथिला की लोक मान्यता है कि विद्यापति की अनन्य शिव भक्ति से प्रसन्न होकर स्वयं भगवान भोलेनाथ उनके सेवक बनकर रहने लगे। उगना नाम से परिचित इस सेवक की सादगी और सेवा-भाव के पीछे छिपे ईश्वरीय स्वरूप से विद्यापति अनजान थे। कथा के अनुसार, एक बार विद्यापति यात्रा पर थे।

रास्ते में घने जंगल से गुजरते हुए उन्हें तेज प्यास लगी। आसपास कहीं पानी दिखाई नहीं दे रहा था। उन्होंने अपने सेवक उगना से पानी लाने को कहा। उगना कुछ दूर झाड़ियों के बीच गए और अपनी जटाओं से गंगाजल निकालकर ले आए। विद्यापति ने जैसे ही जल ग्रहण किया, उसके दिव्य स्वाद और पवित्रता से चकित रह गए। उन्हें संदेह हुआ कि यह कोई साधारण जल नहीं हो सकता। पूछताछ करने पर उगना के वास्तविक स्वरूप का रहस्य खुल गया।

विद्यापति समझ गए कि जिनकी वे जीवन भर आराधना करते आए हैं, वे स्वयं महादेव उनके सेवक बनकर साथ चल रहे हैं। भगवान शिव ने विद्यापति से आग्रह किया कि वे इस रहस्य को किसी के सामने प्रकट न करें। लेकिन लोककथा के अनुसार, एक दिन घरेलू प्रसंग में पत्नी के साथ विवाद के दौरान विद्यापति के मुख से उगना की वास्तविक पहचान उजागर हो गई।

वचन भंग होते ही भगवान शिव अंतर्धान हो गए। अपने आराध्य को खोकर विद्यापति व्याकुल हो उठे और उन्हें पुकारने लगे। लोक परंपरा में उनके प्रसिद्ध शिव भक्ति पद ‘कखन हरब दुख मोर, हे भोलानाथ’ को इसी विरह और पुकार से जोड़कर देखा जाता है।  यह कथा ऐतिहासिक रूप से प्रमाणित घटना नहीं, बल्कि मिथिला की गहरी शिव भक्ति, लोक विश्वास और सांस्कृतिक स्मृति का अभिन्न हिस्सा है।

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati: इसमें भक्त और भगवान के बीच का संबंध केवल आराधना का नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का दिखाई देता है। यही कारण है कि उगना की कथा आज भी मिथिला के जनमानस में इतनी श्रद्धा और भावुकता के साथ सुनाई जाती है।

लोक जीवन, संगीत और स्त्री संवेदना के सशक्त रचनाकार

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati: विद्यापति के गीतों में मिथिला का सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन जीवंत दिखाई देता है। विवाह, गौना, पर्व-त्योहार, देवी-पूजन, ऋतु परिवर्तन और पारिवारिक संबंधों के अनेक प्रसंग उनकी रचनाओं में मिलते हैं।

उनके पदों में स्त्री मन की भावनाओं को विशेष स्थान मिला है। उन्होंने महिलाओं की इच्छाओं, संकोच, प्रतीक्षा और प्रेम की अनुभूतियों को संवेदनशीलता से स्वर दिया। इस दृष्टि से उनका साहित्य मध्यकालीन समाज में स्त्री की भावनात्मक दुनिया को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्हें ‘मैथिल कोकिल’ कहा जाता है। उनके गीतों की मधुरता और गेयता इस उपाधि को सार्थक बनाती है। ‘जय-जय भैरवि असुर भयाउनी’ जैसा देवी स्तुति पद आज भी मिथिला के सांस्कृतिक आयोजनों में लोकप्रिय है।

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati: विद्यापति के गीत विवाह और मांगलिक अवसरों पर पीढ़ी-दर-पीढ़ी गाए जाते रहे हैं। ‘विद्यापति नाच’ जैसी लोकनाट्य परंपरा ने भी उनके साहित्य को मंच और लोककला से जोड़कर जीवित रखा है।

पूर्वी भारत की साहित्यिक परंपरा पर व्यापक प्रभाव

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati: विद्यापति की लोकप्रियता मिथिला तक सीमित नहीं रही। उनके पदों का प्रभाव बंगाल, असम, ओडिशा और नेपाल की साहित्यिक तथा वैष्णव भक्ति परंपराओं तक पहुंचा। विशेष रूप से बंगाल में चैतन्य महाप्रभु की भक्ति परंपरा में उनके गीतों का गायन लोकप्रिय रहा।

उनकी काव्य शैली, संगीतात्मकता और राधा-कृष्ण प्रेम का चित्रण बाद के अनेक कवियों के लिए प्रेरणा बना। अलग-अलग क्षेत्रों में उनकी पदावली के प्रसार के कारण उनके नाम से कई पद प्रचलित हुए, जिनकी प्रामाणिकता को लेकर साहित्यिक शोध भी हुआ। आधुनिक साहित्यिक अध्येताओं ने भी उनकी काव्य प्रतिभा को महत्वपूर्ण स्थान दिया।

मिथिला की पहचान और भारतीय साहित्य की अमूल्य धरोहर

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati: महाकवि विद्यापति उस विरल साहित्यिक परंपरा के प्रतिनिधि हैं, जहां शास्त्रीय विद्वता और लोकभाषा एक-दूसरे के पूरक बनते हैं। उन्होंने मैथिली को साहित्यिक गौरव दिलाया और प्रेम, भक्ति, श्रृंगार तथा लोक जीवन को अपनी रचनाओं में ऐसा स्थान दिया, जो सदियों बाद भी प्रासंगिक है।

उनका साहित्य केवल कविता का संसार नहीं, बल्कि मध्यकालीन मिथिला के इतिहास, समाज, संस्कृति, आस्था और जीवन मूल्यों का भी दस्तावेज है। आज भाषाओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की चर्चा के बीच उनका संदेश और अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है।

Maithil Kokil Mahakavi Vidyapati: उन्होंने सिखाया कि अपनी मातृभाषा में व्यक्त भावनाएं भी व्यापक मानवीय अनुभवों को स्वर दे सकती हैं। सचमुच, विद्यापति केवल मिथिला के गौरव नहीं, बल्कि भारतीय साहित्य की ऐसी अमर आवाज हैं, जिनके गीतों में आज भी मिथिला की आत्मा धड़कती है।

(बिश्व नाथ झा – लेखक प्रसार भारती में वरिष्‍ठ पत्रकार हैं)

Read More :  विकसित भारत का निर्माण युवाओं के हुनर और कौशल से ही होगा : प्रधानमंत्री मोदी