सरपंच पति ने विवाद में युवक के दोनों हाथ काट डाले

होशंगाबाद

होशंगाबाद के चौराहेट गांव में सरपंच पति ने अपने पिता और भाइयों के साथ मिलकर एक युवक के दोनों हाथ काट दिए। पहले डंडे से हमला किया, फिर बका मारकर कलाई के यहां से हाथ अलग कर दिए। घायल युवक को रात 11 बजे होशंगाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। बाबई पुलिस ने सरपंच सहित 8 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा सहित दूसरे धाराओं में केस दर्ज किया गया है। बताया जाता है कि सरपंच ने मूंग खरीदी केंद्र पर हुई बेइज्जती का बदला लिया। पीड़ित सोमेश गुर्जर चौराहेट गांव का रहने वाला है। गांव के सरपंच पति भगवान सिंह और सोमेश की दूर की रिश्तेदारी है। शुक्रवार को सोमेश गुर्जर और भगवान सिंह मूंग बेचने इटारसी गए थे। खरीदी केंद्र पर दोनों के बीच विवाद हो गया। सोमेश ने सरपंच पति भगवान की कॉलर पकड़ ली। गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर छुड़ाया। बेइज्जती होने से भगवान सिंह अपने गांव आ गया और भाइयों को घटनाक्रम बताया। सोमेश शाम 7:30 बजे जब घर आ रहा था। गांव से एक किमी पहले नहर के पास सरपंच पति भगवान सिंह, उसके पिता व्यंकट चौधरी, भाई केशव, चचेरे भाई मकरन, आशीष चौधरी, शंकर चौधरी, छुट्टू और नाती ने सोमेश को रोक लिया और डंडे से पीटना शुरू कर दिया। भगवान सिंह और व्यंकट ने बका से सोमेश के दोनों हाथ काट दिए और उसे तड़पता छोड़कर भाग गए। सोमेश की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे। उसके परिजन को जानकारी दी। लहूलुहान हालत में परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे। पुलिस वाले सोमेश के हालत देखकर हक्के-बक्के रह गए। उन्होंने परिजन को उसे अस्पताल ले जाने को कहा, लेकिन वह बयान दर्ज कराने के लिए अड़े रहे। करीब एक घंटे की समझाइश के बाद उसे रात 11 बजे नर्मदा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

3 दिन पहले हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक ग्रामीणों ने बताया कि सोमेश गांव की समस्या को लेकर आवाज उठाता रहता है। इससे लेकर सरपंच पति और सोमेश के बीच विवाद होता है। तीन दिन पहले सरपंच भगवान सिंह ने गांव में ही सोमेश की कॉलर पकड़ी थी। तब मामला शांत कराया गया था। शुक्रवार को अनाज मंडी में सोमेश ने भगवान सिंह की कॉलर पकड़ी। सार्वजनिक स्थल पर बेइज्जती होने से उसने सोमेश के हाथ काटकर बदला लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here