राज्यपाल सुश्री उइके से मालदीव में भारत के उच्चायुक्त मनु महावर ने की भेंट

रायपुर

राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके से आज राजभवन में मालदीव में भारत के उच्चायुक्त मनु महावर ने सौजन्य भेंट की। उच्चायुक्त महावर ने  राज्यपाल को बताया कि आगामी एम्बेसडर कॉन्फ्रेंस के उद्देश्य से उन्होंने प्रदेश के कांकेर तथा कोण्डागांव जिले का भ्रमण किया। श्री महावर ने कहा कि उच्चायुक्तों को एक भारतीय राज्य का चयन करने के विकल्प पर उन्होंने छत्तीसगढ़ को चुना। साथ ही प्रदेश के जिलों का भ्रमण कर वहां की क्षमता तथा क्षेत्र की विशिष्टता की जानकारी एकत्रित की।

राज्यपाल सुश्री उइके ने महावर को बताया कि उन्होंने स्वयं बस्तर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों का भ्रमण किया है और यहां की संभावनाओं पर लगातार अपनी बात रखी है। प्रदेश के उत्तरी तथा दक्षिणी भागों में परंपरागत रूप से ऐसे खाद्य सामग्रियों का उत्पादन वर्षों से होता रहा है, जिसका वर्तमान समय में प्रचलन बढ़ा है और उसकी बाजार में काफी मांग है।

उन्होंने कोदो, कुटकी, रागी जैसे खाद्य सामग्री का उत्पादन बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देने की बात कही। उच्चायुक्त महावर ने बताया कि जिला भ्रमण के दौरान उन्होंने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के बारे में भी जानकारी प्राप्त की और कोंडागांव के शिल्प ग्राम का भी अवलोकन किया। इसी प्रकार श्री महावर ने मालदीव में पर्यटन के क्षेत्र में हुए उल्लेखनीय कार्यों के बारे में बताया और देश व प्रदेश में भी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मालदीव के प्रयासों का अध्ययन करने की बात कही। साथ ही उन्होंने प्रदेश में पर्यटन की संभावनाओं पर भी अपने विचार साझा किये। इस अवसर पर राज्यपाल ने श्री महावर को शाल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here