मुंबई में आफत की बारिश, गोवंडी में सुबह दर्दनाक हादसा

मुंबई
मुंबई के शिवाजी नगर स्थित गोवंडी में सुबह-सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। इमारत गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं 10 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना परराहत और बचाव टीम मौके पर पहुंच चुकी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है।

बता दें कि, मुंबई और आसपास के इलाकों में पिछले पांच दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते जनजीवन ठप हो गया है। बारिश की वजह से कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन की ओर से पानी निकालने का काम जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 24 और 25 जुलाई के लिए यहां यलो अलर्ट जारी करते हुए कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। भारी बारिश के चलते पुणे और रायगढ़ में लैंडस्लाइड की खबरें भी सामने आई हैं।

लगातार हो रही बारिश के चलते महाराष्ट्र के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। रायगढ़, रत्नागिरी और कोल्हापुर जिलों में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। सतारा, सांगली और कोल्हापुर जिलों में  एनडीआरएफ की इकाइयों को तैनात किया गया है। बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने के लिए गुरुवार रात से सेना और नौसेना को उतारा गया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने फोन पर बात कर बाढ़ के हालात का जायजा लिया।

मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार से ही महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश के चलते हालात खतरनाक बने हुए हैं। कोंकण रेलवे और सेंट्रल रेलवे ने अपनी कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है तो कुछ ट्रेनों का रूट भी डाइवर्ट किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here